Bihar News: ऊर्जा सचिव की अध्यक्षता में विद्युत परियोजनाओं की गई व्यापक समीक्षा, 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के तहत निर्बाध बिजली आपूर्ति में सुधार के दिए निर्देश
Bihar News: ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में सोमवार को महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक की गई।
9 फरवरी 2026: ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में सोमवार को महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत निर्माणाधीन कई विद्युत परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान 'सात निश्चय-3' के अंतर्गत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के तहत संचालित समस्त परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए। 'सात निश्चय -3' (पार्ट 6) के अंतर्गत 'मजबूत आधार, आधुनिक विस्तार' के तहत उत्पादन, संचरण एवं वितरण से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु विशेष दिशा-निर्देश दिए। जिससे राज्य में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। प्रगति यात्रा के अंतर्गत आने वाली सभी योजनाओं को भी यथासमय पूर्ण करने का भी निर्देश दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा नए कृषि कनेक्शन शीघ्रता से प्रदान करने पर विशेष बल दिया।
'सबका सम्मान-जीवन आसान' के अंतर्गत आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से राज्य के नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि 21 घंटे से कम विद्युत आपूर्ति की स्थिति में HT/स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को आपूर्ति के आधार पर अनुपातिक क्षतिपूर्ति (फिक्स्ड चार्ज में) प्रदान की जाएगी। आधे घंटे से अधिक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने पर नागरिकों को सुविधा ऐप/SMS के माध्यम से रियल टाइम सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के बिजली बिल में फ्यूज कॉल सेंटर की जानकारी दिया जाना शुरू कर दिया गया है। CGRF पोर्टल को एकीकृत ओम्नी-चैनल सीआरएम से जोड़ने का निर्देश दिया, जिससे उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इस बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड एवं बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार (भा.प्र.से.), नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड एवं बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (भा.प्र.से.) सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।