'बिहार में ना तो बुलडोजर बवाल, न दंगा चाहिए... निशांत कुमार चाहिए', सीएम हाउस के बाहर लगा पोस्टर

Bihar Politics: पटना में सड़कों पर सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के पोस्टर लगातार लगाए जा रहे। जदयू की ओर से निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की जा रही है।

Update: 2026-04-12 06:25 GMT

Bihar Politics News: बिहार की सियासत में नए सीएम को लेकर चर्चा तेज है। संभावना जताई जा रही कि खरमास बाद नई सरकार का गठन होगा। इस बीच लगातार जदयू द्वारा निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग की जा रही है। साथ ही पटना की सड़क पर पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं।

आज सीएम हाउस के बाहर जदयू कार्यकर्ताओं ने पोस्टर लगाया है। इस पर लिखा है- बिहार में ना तो बुलडोजर बवाल और ना फिर से दंगा-फसाद चाहिए। अब आपकी परछाई स्वरूप, युवा जनसेवक निशांते कुमार चाहिए। सीधा निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग की गई है।

सीएम हाउस किया जा रहा खाली

इसी हफ्ते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद की शपथ ली है। 11 अप्रैल को उन्होंने सीएम हाउस खाली करना शुरू किया। कल 1 अणे मार्ग से नीतीश के सामान को 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट किए गए। ऐसे में अब सीएम हाउस के बाद निशांत कुमार को फ्यूचर सीएम ऑफ बिहार बताते हुए पोस्टर लगाया गया है।

खरमास बाद बनेगी नई सरकार

चर्चा है कि सीएम नीतीश कुमार 13 अप्रैल को आखिरी कैबिनेट की बैठक कर सकते हैं। 14 अप्रैल को खरमास खत्म होगा। 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन हो सकता है। इससे पहले सीएम फेस पर चर्चा तेज है। निशांत कुमार, सम्राट चौधरी, श्रेयसी सिंह समेत कई संभावित चेहरे हैं।

कैसी हो सकती है नई सरकार?

बिहार में नई सरकार के स्वरूप को लेकर चर्चा है कि मुख्यमंत्री पद भाजपा को मिल सकता है‌। इसमें जदयू के दो उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं। इसमें उपमुख्यमंत्री का एक पद निशांत कुमार को मिल सकता है‌। जदयू कोटे के दूसरे उपमुख्यमंत्री का पद किसी वरिष्ठ को दिया जाएगा। इसके अलावा गृह विभाग भी जदयू को मिल सकता है। भाजपा के मुख्यमंत्री समेत 16 और जदयू के भी इतने ही मंत्री हो सकते हैं। सहयोगी दल लोजपा (रामविलास) से दो और हम और रालोमो को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है। विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद के सभापति के पद में भी बराबर की हिस्सेदारी हो सकेगी।

Tags:    

Similar News