लालू जी नहीं झुके तो बेटा भी नहीं झुकेगा, तेजस्वी यादव बोले- RSS और BJP तानाशाही थोपना चाह रही

Tejashwi Yadav News: राजद नेता तेजस्वी यादव ने अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अभिनंदन समारोह में बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।

Update: 2026-04-11 12:16 GMT

तेजस्वी यादव। इमेज-सोशल मीडिया।

Tejashwi Yadav New Statement: राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में आज एक कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने, एकता बनाए रखने और मौजूदा राजनीतिक हालात को समझने की जरूरत पर जोर दिया‌। तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने संगठन को और मजबूत करने की जिम्मेदारी दी है। मगर, इसके साथ‑साथ देश में जो हो रहा, उसे समझना भी जरूरी है। राजद नेता ने आरोप लगाया कि BJP और RSS लोकतंत्र को खत्म कर तानाशाही थोपने की कोशिश कर रही हैं। मौजूदा दौर संघर्ष का दौर है। उन्होंने कहा कि लालू जी नहीं झुके तो उनका बेटा भी नहीं झुकेगा।

भाईचारा खत्म करने की कोशिश

पश्चिम बंगाल का जिक्र कर तेजस्वी यादव ने कहा कि वहां से जुड़ा ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें नेता हुमायूं कबीर पर आरोप है कि उन्होंने BJP से एक हजार करोड़ रुपये लेकर समाज में आपसी लड़ाई करा बीजेपी को फायदा पहुंचाने की कोशिश की‌। इस तरह के वायरल ऑडियो को जरूर देखना चाहिए। भाजपा‑RSS के डिजाइन को पहचानने की जरूरत है। आरोप लगाया कि ये ताकतें भाईचारा को खत्म करना चाहती हैं। दंगा‑फसाद कराने का काम करती रही हैं।

लालू प्रसाद ने रोका था आडवाणी का रथ

तेजस्वी ने कहा कि लालू जी ने एक समय आडवाणी की रथ यात्रा को रोका था। आज भी पूरे परिवार पर मुकदमे किए जा रहे। साजिश के तहत बदलाव को रोकने की कोशिश हो रही। तेजस्वी ने कहा कि लालू जी अब तक नहीं झुके हैं, और न झुकेंगे। जब लालू जी नहीं झुके तो उनका बेटा भी झुकने वाला नहीं है।

हमने बीजेपी से समझौता नहीं किया

चुनावी राजनीति पर तेजस्वी यादव ने कहा कि भले तंत्र‑मंत्र और बेईमानी से इस चुनाव में लोगों ने सीटें लाने की कोशिश की हो, पर राजद विचारधारा की पार्टी है। उन्होंने कहा, कोई एक व्यक्ति यह बता दे कि राजद ने कभी BJP से समझौता किया हो। तेजस्वी ने कहा कि पार्टी अब भी अपने विचारों पर कायम है। संसद में केंद्र सरकार के ऐसे बिलों का विरोध किया गया है, जिन्हें देश को तबाह करने के लिए लाया गया। 

Tags:    

Similar News