सिर्फ 4 घंटे में पटना से पहुंचेंगे दिल्ली, बिहार में बुलेट ट्रेन का काम पकड़ा रफ्तार, जानिए किन 6 जिलों से गुजरेगी यह ट्रेन
Bihar Bullet Train Update: बिहार में बुलेट ट्रेन के लिए दो अतिरिक्त हाई स्पीड ट्रैक बिछेंगे। ये पूरी तरह अलग और विशेष होंगे। ट्रैक के आसपास सड़क बनाया जाएगा।
बुलेट ट्रेन। इमेज-एआई
Bihar Bullet Train News: बिहार में रेलवे ने बुलेट ट्रेन परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए सर्वे टीम का गठन कर लिया है। जुलाई से सर्वे का काम शुरू होगा। इसे चालू वित्तीय वर्ष में पूरा भी करने का लक्ष्य है। इस परियोजना के तहत उत्तरी-पूर्वी भारत में वाराणसी से पटना होकर सिलीगुड़ी तक 744 किलोमीटर लंबा हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाया जाएगा। बुलेट ट्रेन बिहार के कई जिलों से गुजरेगी।
रेलवे हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के सूत्र बताते हैं कि परियोजना शुरू होने के बाद पटना से दिल्ली की यात्रा सिर्फ 4 घंटे में पूरी होगी। इसी तरह पटना से सिलीगुड़ी की यात्रा काफी आसान और तेज हो जाएगी। बुलेट ट्रेन बक्सर, आरा, पटना, मोकामा, हाथीदह, बेगूसराय, महेशखूंट, कटिहार, किशनगंज के रास्ते गुजरेगी।
दिल्ली से हावड़ा सिर्फ 6:30 घंटे में पहुंच सकेंगे
बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद दिल्ली से हावड़ा के बीच 1,669 किलोमीटर की दूरी सिर्फ साढ़े 6 घंटे में पूरी की जा सकेगी। पटना से दिल्ली करीब 1,000 किलोमीटर का सफर सिर्फ 4 घंटे में पूरा होगा। बिहार में बुलेट ट्रेन की अधिकतम गति 350 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। 5 लाख करोड़ रुपये से परियोजना को पूरा किया जाना है। रेलवे हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के सूत्रों के अनुसार बुलेट ट्रेन पटना जिले के 58 गांवों से गुजरेगी। सीओ के निर्देश पर राजस्व कर्मचारियों ने प्रस्तावित रूट से जुड़े इन गांवों की रिपोर्ट सौंप दी है।
अलग ट्रैक का होगा निर्माण
बुलेट ट्रेन के लिए दो अलग हाई स्पीड ट्रैक बिछाए जाएंगे। ये पूरी तरह अलग और विशेष होंगे। सूत्र बताते हैं कि ट्रैक के आसपास सड़क बनाया जाएगा, जिससे इन इलाकों से बुलेट ट्रेन गुजरे तो वहां के लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो। रेलवे जमीन अधिग्रहण को लेकर जिन रैयतों से बातचीत कर रहा, उन्हें इसकी जानकारी भी दी जा रही।
बिहटा में होगा बुलेट ट्रेन का स्टेशन
पटना शहर से सटे बिहटा में बुलेट ट्रेन के लिए स्टेशन बनने की संभावना है। इससे पहले रेलवे हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने पटना एम्स के करीब स्टेशन बनाने के लिए पटना जिला प्रशासन से 21 एकड़ जमीन मांगी थी। अब बिहटा के पास स्टेशन बनाने की तैयारी है। इसके लिए यहां 21 एकड़ भूमि की जरूरत है।