जदयू विधायक पप्पू पांडे के घर पर छापेमारी, एसपी विनय तिवारी ने खुद संभाला मोर्चा, जानिए क्या है पूरा मामला
Raid At Pappu Pandey House: जदयू विधायक पप्पू पांडे के घर पर आज पुलिस छापेमारी करने पहुंची है। विधायक पप्पू पांडे, भाई सतीश पांडे समेत 3 के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी है। विधायक के पैतृक गांव तुलसिया में 5 थानों की पुलिस पहुंची है।
JDU MLA Pappu Pandey House Raid: बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट से जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने पप्पू पांडे, उनके भाई सतीश पांडे, सीए राहुल तिवारी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। पप्पू पांडे के पैतृक गांव तुलसिया में पुलिस टीम आज सुबह-सुबह छापेमारी के लिए पहुंची। विधायक पप्पू पांडे पर फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमीन कब्जा करने का आरोप है।
5 थानों की पुलिस छापेमारी करने के लिए पहुंची। कुचायकोट थाने में ही विधायक पप्पू पांडे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सूत्र के अनुसार कार्रवाई तेज होने के बाद पुलिस कार्रवाई तेज होने के बाद विधायक पप्पू पांडे और उनके भाई फरार हैं।
कितनी जमीन का मामला और किसने दर्ज कराई शिकायत?
1 अप्रैल को कुचायकोट थाने में मीरगंज निवासी जितेंद्र कुमार राय ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि 17 एकड़ जमीन पर विधायक के लोगों ने हमला बोला। कमरे के ताले तोड़े कर खुद के ताले लगाए। विरोध किया गया तो फायरिंग कर दहशत फैलाई गई।
क्या कह रही पुलिस?
पुलिस का मानना है कि पूरी साजिश विधायक पप्पू पांडे और उनके भाई ने रची है। ऐसे में आज जब छापेमारी करने पुलिस पहुंची तो उससे पहले ही दोनों फरार हैं।
4 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
एसपी विनय तिवारी ने बताया कि मामले में पुलिस सीवान निवासी भोला पांडेय समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विधायक और उनके भाई को साजिशकर्ता के रूप में नामजद किया गया। उसके बाद उनके खिलाफ गैरजमानती वारंट लिया गया है। वैसे, विधायक और उनके भाई अंडरग्राउंड हैं। उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है।
सियासी गलियारे में हलचल
इस घटनाक्रम के बाद राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। सत्ताधारी दल के विधायक पर इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष भी इस मुद्दे को लेकर हमलावर हो सकता है। पुलिस की टीमें जिलों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। आरोपियों के करीबी लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।