Nawada Road Accident: नवादा में ऑटो पलटने से 8 साल की बच्ची की मौत, 20 बच्चे घायल

Nawada Road Accident News : नवादा में एक ऑटो सड़क से 20 फीट नीचे खेत में गिर गया। इस हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई। कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Update: 2026-04-13 07:10 GMT

Nawada School Auto Accident: बिहार के नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत कमलापुर रोड पर टेंपो पलटने से 8 वर्षीय आयुषी कुमारी की मौत हो गई। 20 से 25 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। आयूषी कुमारी गोविंदपुर बाजार के रहने वाले अमित कुमार की बेटी थी।

ऑटो सड़क से 20 फीट नीचे गिरा। वाहन चार बार पलटा। हादसे से पूरा इलाका सन्न रह गया। पास में गेहूं की फसल काट रहे ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया था चालक

लोगों का आरोप है कि वाहन निजी स्कूल का था। इसमें क्षमता से कहीं अधिक बच्चे बैठाए गए थे। इन वाहनों में 12 से 15 बच्चों को बैठाने की अनुमति होती है, लेकिन इसमें 20-25 बच्चे सवार थे। चालक वाहन को तेज रफ्तार में चल रहा था। इस कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्कूल संचालक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने कॉल नहीं उठाया।

स्कूल प्रशासन पर उठे सवाल

इस घटना ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही को फिर उजागर कर दिया है। ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उनका सवाल है कि वाहन की क्षमता से अधिक बच्चों को सवार करने की अनुमति किसने दी? क्या वाहन चालक और स्कूल मैनेजमेंट सड़क सुरक्षा नियमों को नहीं मान सकते हैं। कुछ अभिभावकों का आरोप है कि बच्चों की सुरक्षा के नाम पर स्कूल सिर्फ फीस वसूलते हैं। घटना ने पूरे जिले में स्कूल ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर भी सवाल खड़े किए हैं।

सख्त कदम उठाने की मांग

स्थानीय लोग स्कूल संचालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोषी वाहन चालक, स्कूल मालिक और संबंधित अधिकारियों पर तुरंत केस दर्ज किया जाए। इसके साथ ही सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच, परमिट वेरिफिकेशन, ओवरलोडिंग पर लगातार निगरानी की जानी चाहिए। जिला प्रशासन और परिवहन विभाग को तत्काल निर्देश जारी कर ऐसे वाहनों पर रोक लगानी चाहिए।

Tags:    

Similar News