Bihar News: राष्ट्रीय विज्ञान दिवस: डॉ. सी. वी. रमन टैलेंट सर्च टेस्ट इन साइंस का आयोजन, छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
Bihar News: राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर डॉ. सी. वी. रमन टैलेंट सर्च टेस्ट इन साइंस – 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
Bihar News: d कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए छात्र, छात्राओं एवं अभिभावकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सर सी. वी. रमन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर डॉ. सी. वी. रमन टैलेंट सर्च टेस्ट इन साइंस–2025 में कक्षा 6 से 12 तक के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राज्य एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह परीक्षा विज्ञान विषय में प्रतिभा की पहचान के उद्देश्य से राज्य स्तर पर आयोजित की गई थी, जिसमें राज्य के सभी जिलों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों को राज्य स्तर एवं जिला स्तर पर वर्गीकृत करते हुए सम्मान प्रदान किया गया। राज्य स्तर पर कक्षा 6 से 12 तक के कुल 21 छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं लैपटॉप प्रदान किए गए। वहीं जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को ₹5,000 तथा द्वितीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को ₹3,000 की पुरस्कार राशि के साथ मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में शामिल सभी राज्य एवं जिला स्तर के पुरस्कार प्राप्त छात्र-छात्राओं को ₹1,000 की यात्रा सहायता राशि भी प्रदान की गई, जिससे दूर-दराज़ के जिलों से आए विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अहमद महमूद, अपर सचिव–सह–निदेशक, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने कहा कि डॉ. सी. वी. रमन टैलेंट सर्च इन साइंस एग्जामिनेशन जैसे आयोजन राज्य स्तर पर विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को पहचानने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने परीक्षा में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में प्रेरित करती हैं, बल्कि भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए भी उन्हें तैयार करती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आज सम्मानित किए गए सभी छात्र-छात्राओं को विभाग की ओर से तारामंडल में निःशुल्क वर्चुअल रियलिटी शो एवं प्लेनेटेरियम शो तथा डॉ० ए. पी. जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी में निःशुल्क भ्रमण की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से आगे भी विभाग द्वारा आयोजित इस प्रकार की परीक्षाओं एवं कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।
विदित हो कि डॉ. सी. वी. रमन टैलेंट सर्च इन साइंस प्रतियोगिता परीक्षा–2025 का आयोजन 29 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच राज्यभर में किया गया था। यह परीक्षा राज्य के सभी सरकारी इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए कुल 69,107 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 48,249 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए। परीक्षा में सम्मिलित विद्यार्थियों में 28,315 बालक एवं 19,934 बालिकाएं शामिल थीं। यह परीक्षा कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी।
कार्यक्रम में श्री अहमद महमूद, अपर सचिव–सह–निदेशक, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, डॉ. अनन्त कुमार, परियोजना निदेशक, बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी, प्रो. (डॉ.) सुरेश कान्त वर्मा, कुलपति, बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, डॉ. चन्द्रशेखर, सचिव, राज्य तकनीकी शिक्षा बोर्ड, बिहार, सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।