Bihar News: महिला कबड्डी लीग के चयन ट्रायल में उमड़ी खिलाडियों की भीड़, 450 से ज्यादा खिलाडियों के बीच 120 खिलाडियों का हुआ चयन

Bihar News: पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में आज द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग के लिए खिलाडियों का चयन ट्रायल आयोजित किया गया।

Update: 2026-02-06 14:25 GMT

 06 फरवरी 2026 |पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में आज द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग के लिए खिलाडियों का चयन ट्रायल आयोजित किया गया।

इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग का आयोजन 6 से 12 मार्च तक पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में किया जा रहा है। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

इस प्रतियोगिता में 6 टीमें हिस्सा लेंगीं। आज इसी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए खिलाडियों का चयन ट्रायल लिया जा रहा था। पूरे बिहार से 450 से ज्यादा ल़डकियों ने इसमें भाग लिया है। इनके बीच से 120 प्रतिभावान खिलाडियों को प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया है। चुनी गई खिलाड़ियों का 16 फरवरी से प्रशिक्षण कैंप लगेगा जिनमें कुशल प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षित कर इन्हें प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा।

आगे शंकरण ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद इन खिलाडियों को 6 टीमों के बीच क्षमता और गुणवत्ता में बराबरी के साथ बांटा जाएगा ताकि कोई टीम बहुत मजबूत या कोई टीम बहुत कमजोर ना रहे। प्रशिक्षण के बाद हर टीम में 14 खिलाड़ी और 3 अतिरिक्त खिलाड़ी रहेंगे।

पिछली बार की महिला कबड्डी लीग की सफलता के बाद ल़डकियों में इस प्रतियोगिता का क्रेज काफी बढ़ा है इसलिए इस बार के चयन ट्रायल में खिलाडियों ने इतना बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया है। यह बिहार में कबड्डी और खासकर महिला कबड्डी के लिए काफी महत्वपूर्ण और उत्साहवर्धक है। आज चयन ट्रायल की सफलता के लिए शंकरण ने बिहार कबड्डी संघ और चयनकर्ताओं का शुक्रिया और आभार व्यक्त किया।

खिलाडियों के चयन के लिए विशेषज्ञ के रूप में हैदराबाद की मंगला देसाई ,पटना की अमिता सिंह और मद्य निषेध विभाग पटना के रमेश कुमार यादव उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News