सम्राट चौधरी होंगे सीएम! आवास के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा, 100 मीटर के दायरे में प्रवेश पर रोक
Samrat Choudhary News : बिहार के अगले सीएम सम्राट चौधरी हो सकते हैं। उनके आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इससे पहले आज लोक भवन के कई अधिकारी सम्राट चौधरी के आवास पर गए थे।
सम्राट चौधरी। इमेज-सोशल मीडिया।
Samrat Choudhary Bihar New CM : बिहार के अगले सीएम को लेकर संदेह लगभग खत्म हो चुका है। मौजूदा उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बिहार का अगला सीएम बनाया जा रहा है। दरअसल, आज शाम से उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके आवास के 100 मीटर के दायरे में किसी भी शख्स या वाहन के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इससे पहले आज सुबह से शाम तक लोक भवन के कई अधिकारी सम्राट चौधरी के आवास पर गए थे।
महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में हुआ था ऐसा
भाजपा हमेशा सीएम के चेहरे को लेकर चौंकाती रही है। मगर, आज शाम से सम्राट चौधरी के आवास की सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद भाजपा के पैटर्न को समझें तो सम्राट चौधरी ही सीएम होंगे और कल आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की जाएगी। गौरतलब है कि 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद सीएम की घोषणा से पहले देवेंद्र फडणवीस के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। अगले दिन उनके नाम का ऐलान किया गया था। चुनाव का रिजल्ट आने के 10 दिन बाद देवेंद्र फडणवीस को सीएम बनाने की घोषणा की गई थी। ऐसे ही छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय को सीएम घोषित करने से पहले उनके आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। मध्यप्रदेश में भी यही पैटर्न दिखा था।
आधिकारिक रूप से कल होगी घोषणा
बिहार के अगले सीएम के नाम का आधिकारिक ऐलान कल होगा। बिहार के पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान अगले सीएम की घोषणा करेंगे। इससे पहले दोपहर 3.30 बजे नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा देंगे। वहीं, कल नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक होनी है।
15 अप्रैल को होगा शपथ ग्रहण
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को होगा। इसे लेकर लोक भवन के स्तर पर तमाम तैयारियां अंतिम दौर में हैं। आज लोक भवन के अधिकारियों ने पटना के एसएसपी और डीएम के साथ शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक की। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े-बड़े नेता शामिल होंगे। भाजपा शासित प्रदेशों के सीएम के भी आने की सूचना है। बता दें, नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद नए सीएम के चयन की प्रक्रिया शुरू हुई है।