Anil Ambani Epstein: यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के घर गए थे अनिल अंबानी, 'स्वीडिश महिला' की पेशकश का दावा, जानिए दस्तावेजों में क्या-क्या हुआ खुलासा?
Anil Ambani Epstein: अमेरिका के यौन अपराधी और फाइनेंसर जेफ्री एपस्टीन से जुड़े मामले में नए दस्तावेज सामने आने के बाद इसके तार भारत तक पहुंचते दिख रहे हैं।
नई दिल्ली 7 फरवरी 2026: अमेरिका के यौन अपराधी और फाइनेंसर जेफ्री एपस्टीन से जुड़े मामले में नए दस्तावेज सामने आने के बाद इसके तार भारत तक पहुंचते दिख रहे हैं। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा सार्वजनिक किए गए रिकॉर्ड्स के आधार पर ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उद्योगपति अनिल अंबानी 2017 से 2019 के बीच एपस्टीन के संपर्क में थे और दोनों के बीच कई बार बातचीत व मुलाकातें हुई थीं।
रिपोर्ट के अनुसार यह संपर्क कारोबार, इंटरनेशनल रिलेशन और निजी चर्चाओं से जुड़ा था। दस्तावेजों में दर्ज विवरण किसी आपराधिक आरोप की पुष्टि नहीं करते लेकिन दोनों के बीच संवाद और मुलाकातों का उल्लेख जरूर करते हैं।
दस्तावेजों में महिला की पेशकश का जिक्र
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, 9 मार्च 2017 को हुई एक बातचीत में अनिल अंबानी ने एपस्टीन से पूछा था कि मुलाकात को लेकर उनका क्या सुझाव है। इसके जवाब में एपस्टीन ने लिखा कि मुलाकात को मजेदार बनाने के लिए एक लंबी, सुनहरे बालों वाली स्वीडिश महिला बेहतर होगी।
दस्तावेजों में दावा किया गया है कि इसके बाद अंबानी ने इसके इंतजाम की बात कही थी। हालांकि इन संवादों को लेकर अनिल अंबानी या उनके प्रतिनिधियों की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
2019 में न्यूयॉर्क में मुलाकात का दावा
दस्तावेजों के अनुसार मई 2019 में जब अनिल अंबानी न्यूयॉर्क में थे तब एपस्टीन ने उन्हें मिलने का न्योता दिया था। एक संदेश में एपस्टीन ने लिखा था कि अगर अंबानी कुछ लोगों से चुपचाप मिलना चाहते हैं तो वह व्यवस्था कर सकते हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसके बाद दोनों की मुलाकात भी हुई। इसके अलावा पेरिस, न्यूयॉर्क और विश्व आर्थिक मंच से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान संभावित मुलाकातों को लेकर भी बातचीत का जिक्र है।
दस्तावेजों में यह भी कहा गया है कि एक बातचीत में एपस्टीन ने अनिल अंबानी से उनकी पसंदीदा महिला के बारे में पूछा था, जिस पर अंबानी ने हॉलीवुड अभिनेत्री स्कारलेट जोहानसन का नाम लिया। उस समय रिलायंस एंटरटेनमेंट उनकी फिल्म घोस्ट इन द शेल से जुड़ी थी। इसके अलावा एपस्टीन द्वारा अंबानी परिवार से जुड़ी कुछ किताबों की डिजिटल कॉपी मंगाने का भी जिक्र रिकॉर्ड्स में है।
पहले भी सामने आ चुके हैं कुछ खुलासे
रिपोर्ट के अनुसार मार्च 2017 में अनिल अंबानी की ओर से एपस्टीन को एक डॉक्यूमेंट भेजा गया था जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे और तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत का उल्लेख था। उस समय दोनों के बीच अंतरराष्ट्रीय रणनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा का दावा किया गया है।
जेफ्री एपस्टीन एक अमेरिकी अरबपति फाइनेंसर था जिस पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे थे। 2019 में गिरफ्तारी के बाद न्यूयॉर्क की जेल में उसकी मौत हो गई थी जिसे आधिकारिक तौर पर आत्महत्या बताया गया, हालांकि इस पर सवाल भी उठते रहे हैं।
डिस्क्लेमर:
सामने आए दस्तावेज संपर्क और बातचीत का जिक्र करते हैं। इनमें अनिल अंबानी पर किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल होने का कोई आरोप या पुष्टि नहीं की गई है। यह मामला फिलहाल दस्तावेजों और रिपोर्ट्स में दर्ज दावों तक सीमित है।