सफर हुआ महंगा: फास्टैग के वार्षिक पास की फीस में बढ़ोतरी का ऐलान, मिलेगी नई सुविधा
देशभर में 15 अगस्त 2025 से वार्षिक फास्टैग पास सिस्टम लागू किया गया है। इसमें एक बार फीस देकर एक साल की वैधता या दाे सौ टोल प्लाजा पार करने की छूट मिलती है।
इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
रायपुर। 15 March 2026|वार्षिक फास्टैग् पास सिस्टम को वाहन मालिकों ने जबरदस्त रिस्पांस दिया है। देशभर में इसकी संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसे देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कुछ सुविधाओं के साथ वार्षिक फीस में एक अप्रैल 2026 से बढ़ोतरी करने जा रहा है। इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लागू फास्टैग वार्षिक पास की फीस को 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,075 रुपये करने का फैसला किया है। एक अप्रैल से नई फीस लागू हो जाएगी। प्राधिकरण को राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दर निर्धारण एवं संग्रह) नियम, 2008 के प्रावधानों के अनुसार फीस में परिवर्तन का अधिकार दिया गया है। प्राधिकरण के अनुसार अभी 56 लाख से अधिक उपयोगकर्ता वार्षिक फीस के हैं। इनकी संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है।
प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक अप्रैल से नई संशोधित दर वैध फास्टैग वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहनों पर ही लागू होगी। नई स्कीम में गैर-व्यावसायिक वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर इस पास के बदले 1,150 टोल प्लाजा पार करने की सुविधा मिलेगी। इस तरह वार्षिक पासधारियों पहले की तुलना में एकसाल के भीतर अधिक टोल प्लाजा पार करने का लाभ मिलेगा और उन्हें बार- बार रिचार्ज कराने का झंझट नहीं रहेगा। अभी एक बार रिचार्ज कराने पर वार्षिक पास में एक वर्ष की वैधता अथवा 200 टोल प्लाजा पार करने की सुविधा मिल रही है और सभी गैर- व्यावसायिक वाहनों पर लागू है।
अभी वाहन मालिकों को राजमार्ग यात्रा ऐप अथवा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की वेबसाइट पर सालाना पास के लिए भुगतान करने पर फास्टैग केवल दो घंटे के भीतर सक्रिय हो जाता है। प्राधिकरण का कहना है कि यह वार्षिक पास निजी वाहन मालिकों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रहा है और दिनोंदिन पासधारी वाहनों की संख्या बढ़ रही है।