10 शिक्षकों पर दर्ज होगी FIR: जनगणना ड्यूटी से इनकार करना पड़ा भारी, नगर निगम का बड़ा एक्शन, जानिए कहां है मामला?
Nagpur Census Duty FIR: नागपुर महानगरपालिका ने राष्ट्रीय जनगणना 2026-27 की ड्यूटी से इनकार करने वाले 10 शिक्षकों और कर्मचारियों पर FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
Nagpur Census Duty: नागपुर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (NMC) ने राष्ट्रीय जनगणना 2026 और 2027 की ड्यूटी से इनकार करने वाले 10 शिक्षकों और शैक्षणिक कर्मचारियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है। नगर निगम के अधिकारियों ने नियुक्ति आदेश स्वीकार न करने पर यशोधरा नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इस प्रशासनिक फैसले से ड्यूटी से बचने वाले कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
ड्यूटी ऑर्डर लेने से किया था साफ इनकार
नागपुर नगर निगम के सतरंजीपुरा जोन क्रमांक 7 के सहायक आयुक्त और चार्ज ऑफिसर ने सोमवार को यह कदम उठाया है। प्रशासन की तरफ से जनगणना कार्य के लिए इन कर्मचारियों को पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) और प्रगणक (Enumerator) के रूप में नियुक्त किया गया था। आरोप है कि इन 10 कर्मचारियों ने अपने ड्यूटी ऑर्डर स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों ने यशोधरा नगर पुलिस स्टेशन में इनके खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी है।
लीगल नियमों के तहत हो रही कार्रवाई
केंद्रीय गृह मंत्रालय और महाराष्ट्र राज्य जनगणना निदेशालय के निर्देश हैं कि राष्ट्रीय स्तर के इस अहम कार्य के लिए शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों की तैनाती अनिवार्य है। इसके अलावा शिक्षा का अधिकार (RTE) एक्ट 2009 की धारा 27 भी शिक्षकों को जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कर्तव्यों में लगाए जाने की लीगल अनुमति देती है। नियमों का उल्लंघन होते देख नगर निगम ने कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाया है।
इन गंभीर धाराओं के तहत दर्ज हो रहा केस
जनगणना जैसे राष्ट्रीय काम से बचने वाले इन कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 और भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 187 के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। नागपुर महानगरपालिका ने अपने कनिष्ठ अभियंता (Junior Engineer - JE) पुरुषोत्तम कांठवार को पुलिस के साथ कोऑर्डिनेट कर जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगे की लीगल प्रोसेस शुरू कर दी है।