बड़ी खबर: MP के इस गांव में सियार का आतंक, ग्रामीणों पर किया जानलेवा हमला, 10 लोग घायल
मध्य प्रदेश के खजुराहो में टिकुरी गांव में आज सोमवार सुबह एक सियार के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इस हमले में 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए खजुराहो के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है।
भोपाल। मध्य प्रदेश के खजुराहो में टिकुरी गांव में आज सोमवार सुबह एक सियार के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इस हमले में 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए खजुराहो के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह टिकुरी गांव में एक सियार अचानक घुस आया और उसने लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। हमले में घायल हुई एक महिला, केशर तिवारी ने बताया कि वह अपने घर के पास नहा रही थी, तभी सियार ने उन पर हमला कर दिया। एक अन्य घायल महिला, रोशनी तिवारी ने बताया कि वह अपने घर में बैठी थीं जब सियार ने उन्हें काट लिया। सियार ने कई लोगों के चेहरे, पेट और पैरों पर काटा है।
घायल लोगों को इलाज के लिए खजुराहो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल की डॉक्टर शालिनी ने बताया कि 9 से 10 लोग उनके पास आए थे, जिन्हें सियार ने काटा है। हालांकि, घायलों के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि, अस्पताल में रेबीज का इंजेक्शन उपलब्ध नहीं था, जिससे इलाज में देरी हुई। इस घटना के बाद से गांव के लोग काफी डरे हुए हैं और वन विभाग से इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।