Datia BJP Parshad Murder: दिनदहाड़े BJP पार्षद की गोली मारकर हत्या हत्या, आजीवन कारावास की सजा काट चुका था मृतक पार्षद
Datia BJP Parshad Murder: मध्य प्रदेश के दतिया में मंगलवार सुबह वार्ड नंबर-1 के बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। दतिया पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
दतिया 31 March 2026। मध्य प्रदेश के दतिया (Datia) जिले में मंगलवार को सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया है। हथियारबंद बदमाशों ने वार्ड नंबर-1 के बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर सरेआम हुई इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है। पुलिस की शुरुआती जांच में इस मर्डर के पीछे पुरानी रंजिश (Personal Rivalry) होने की बात सामने आ रही है।
चौराहे पर सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग
दतिया पुलिस (Datia Police) के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कल्लू कुशवाहा रोजाना की तरह सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर मौजूद थे। चश्मदीदों ने मीडिया को बताया कि अचानक कुछ हमलावर पहुंचे और उन्होंने बिना कोई मौका दिए पार्षद पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से कल्लू कुशवाहा वहीं गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
4 महीने पहले ही जेल से बाहर आए थे पार्षद
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मृतक बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड (Criminal Record) रहा है। उन पर पहले भी हत्या का मामला दर्ज था, जिसमें अदालत ने उन्हें आजीवन कारावास (Life Imprisonment) की सजा सुनाई थी। वे महज चार महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे। ऐसे में पुलिस पुराने विवादों और गैंग वॉर के एंगल से भी मामले को खंगाल रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही कोतवाली पुलिस
शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था (Law and Order) पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही दतिया कोतवाली पुलिस और जिले के सीनियर अफसर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।