लकड़ी माफिया का दुस्साहस देखिए, वन अमले पर कर दिया कुल्हाड़ी से हमला
CG Bilaspur News: जंगल में पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायत आने पर वन विभाग की टीम जांच करने जाती है। ऐसी ही सूचना मिलने पर जंगल में गए वन अमले पर लकड़ी माफिया ने दुस्साहस दिखा कर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
इमेज सोर्स- NPG News
बिलासपुर। 13 अप्रैल 2026|जिले के कोटा क्षेत्र में जंगल में वन अमले पर हमले की खबर आयी है। कुल्हाड़ी से किए गए हमले में दो वन कर्मचारियों को गंभीर चोट लगी है। वन विभाग ने पुलिस की मदद से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं बाकी आरोपी फरार हो गए हैं।
कोटा जंगल में पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायत आ रही थी। इसके बाद वन विभाग ने जंगल में गश्त बढ़ा दिया है। पुलिस को लिखित शिकायत में वन विकास निगम में पदस्थ परियोजना परीक्षेत्र अधिकारी रवि कुमार जगत ने बताया है कि कोटा थाना क्षेत्र के करपिहा जंगल स्थित महामायी द्वार में शनिवार की सुबह 6 बजे वन विभाग की टीम नियमित गश्त कर रही थी। टीम में सहायक परियोजना अधिकारी छत्रपाल देव सिंह भरद्वाज, कर्मचारी हितेंद्र दिवान, अशोक साहू, क्षेत्ररक्षक राहुल शर्मा सहित अन्य स्टाफ शामिल थे।
सुबह 8.30 बजे लकड़ी चोरी को लेकर संतदास और उसके साथियों से वन विभाग की टीम का विवाद शुरू हुआ। विभाग का कहना है कि तीनों आरोपी कीमती लकड़ी को काटकर ले जा रहे थे। विवाद के दौरान आरोपियों ने वन अमले के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसकी बहस के बीच ही आरोपियों ने लाठी और कुल्हाड़ी से एकाएक हमला कर दिया। इससे वन कर्मचारी हितेंद्र कुमार दिवान को कमर में चोटें आई है।
जबकि हमले में दैनिक वेतनभोगी श्रमिक धन्नू सिंह के दाहिने हाथ के अंगूठे पर गंभीर चोट आयी है। पुलिस ने तत्काल एफआईआर कर एक को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं बाकी की तलाश जारी है।