Islamabad Mosque Blast: धमाकों से दहल उठा पाकिस्तान, जुमे की नमाज़ में सबसे बड़ा आतंकी हमला, 24 की मौत, 101 घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Islamabad suicide blast: इस्लामाबाद की एक मस्जिद में जुमे की नमाज़ के दौरान आत्मघाती धमाका हुआ है, जिसमे 24 लोगों की मौत होइ गई है और 101 घायलहो गए हैं
इस्लामाबाद 6 फरवरी 2026: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में आत्मघाती हमला हुआ। पाकिस्तानी अख़बार Dawn के मुताबिक इस धमाके में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 101 लोग घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।\
धमाके के तुरंत बाद पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है और सभी प्रमुख अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। हालात को देखते हुए इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख ने पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
राष्ट्रपति जरदारी ने जताया शोक
पाकिस्तान के राष्ट्रपति Asif Ali Zardari ने इस हमले में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया है। सत्तारूढ़ पाकिस्तान Peoples Party की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में राष्ट्रपति ने कहा कि बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ अपराध है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और अधिकारियों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सरकार का बयान: हौसला नहीं टूटेगा
पाकिस्तान सरकार के मंत्री Tariq Fazal Chaudhry ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी आतंकी घटनाएं देश का हौसला नहीं तोड़ सकतीं। उन्होंने नागरिकों से शांति और एकजुटता बनाए रखने की अपील की और कानून-व्यवस्था संभालने वाली एजेंसियों के साथ मजबूती से खड़े रहने की बात कही है।
पहले भी हो चुके हैं हमले
इससे पहले 11 नवंबर 2025 को इस्लामाबाद के G-11 इलाके में जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर हुए आत्मघाती धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। ताजा हमले ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पाकिस्तानी जांच एजेंसियां हमले के जिम्मेदारों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।