झारखंड निकाय चुनाव परिणाम : जनता का फैसला, चतरा और डोमचांच में नए पार्षदों का राज, गढ़वा में बागी ने बिगाड़ा दिग्गजों का खेल

Jharkhand Civic Polls Results 2026 : झारखंड निकाय चुनाव के नतीजों में चतरा नगर परिषद के वार्ड 1 से 7 तक के विजेता घोषित कर दिए गए हैं. जहाँ चतरा और डोमचांच में वार्ड पार्षदों की तस्वीर साफ हो गई है, वहीं गढ़वा में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी मासूम खान ने शुरुआती बढ़त बनाकर सबको चौंका दिया है. मतगणना केंद्रों पर समर्थकों का भारी जमावड़ा लगा हुआ है.

Update: 2026-02-27 06:37 GMT

झारखंड निकाय चुनाव परिणाम : जनता का फैसला, चतरा और डोमचांच में नए पार्षदों का राज, गढ़वा में बागी ने बिगाड़ा दिग्गजों का खेल

Jharkhand Civic Polls Results 2026 : रांची : झारखंड के 48 नगर निकायों में सत्ता के महासंग्राम का फैसला आज होने जा रहा है. 27 फरवरी की सुबह से ही राज्य के अलग-अलग मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती जारी है. जैसे-जैसे ईवीएम और मतपेटियां खुल रही हैं, प्रत्याशियों की धड़कनें तेज होती जा रही हैं. शुरुआती नतीजों ने कहीं जीत का जश्न शुरू हो गया है, तो कहीं हार की मायूसी छा गई है. चतरा नगर परिषद, कोडरमा के डोमचांच और गढ़वा नगर परिषद से आए शुरुआती परिणाम और रुझान काफी दिलचस्प हैं.

चतरा नगर परिषद : वार्ड 1 से 7 तक के विजेताओं की सूची

चतरा नगर परिषद में सुबह से ही मतगणना शुरू हैं इस बीच कई वार्डों के नतीजे आने शुरू हो गए. सबसे पहले वार्ड संख्या 1 से 7 तक की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है. वार्ड संख्या 1 से राकेश कुमार ने अपने विरोधियों को मात देते हुए जीत दर्ज की है. वहीं वार्ड 2 में ऋतिका कुमारी ने जीत का परचम लहराया. वार्ड 3 की बात करें, तो यहाँ से मोहम्मद नेहाल विजयी घोषित किए गए हैं. वार्ड 4 में पार्वती देवी ने जीत हासिल की, जबकि वार्ड संख्या 5 से रिंकू देवी ने अपनी सीट पक्की की. इसी कड़ी में वार्ड 6 से दीपक कुमार वर्मा उर्फ दीपू वर्मा और वार्ड 7 से पूनम कुमारी ने बाजी मारी है. इन विजेताओं के नाम सामने आते ही शहर में समर्थकों ने गुलाल लगाकर और पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का जाहिर की हैं.

डोमचांच नगर पंचायत में मतदाताओं ने नए चेहरों पर जताया भरोसा

कोडरमा जिले के डोमचांच नगर पंचायत में भी चुनावी नतीजे काफी चर्चा में हैं. यहाँ वार्ड संख्या 1 से 7 तक की गिनती पूरी हो गई है. वार्ड नंबर 1 से रंजीत साव ने जीत दर्ज की है, जबकि वार्ड नंबर 2 में सुनीता देवी को मतदाताओं का भरपूर प्यार मिला. वार्ड नंबर 3 से गुड़िया देवी और वार्ड नंबर 4 में अजय साव निर्वाचित हुए हैं. उल्लेखनीय है कि वार्ड संख्या 5 में किसी कारणवश मतदान नहीं हो सका था. इसके अलावा वार्ड नंबर 6 से शिवा सिंह और वार्ड नंबर 7 से मंजू देवी ने वार्ड पार्षद पद पर कब्जा जमाया है. जीते हुए प्रतिनिधियों ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता सिर्फ अपने क्षेत्र का विकास करना है.

गढ़वा में बड़ा उलटफेर

गढ़वा नगर परिषद के नतीजे और रुझान सबसे ज्यादा चौंकाने वाले रहे हैं. यहाँ अध्यक्ष पद के लिए हो रही गिनती में झामुमो को अपनी ही बागी प्रत्याशी से कड़ी टक्कर मिल रही है. शुरुआती रुझानों में मासूम खान, जो झामुमो से बगावत करके निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरी थीं, वह पहले स्थान पर चल रही हैं. दूसरे स्थान पर भाजपा समर्थित अलख नाथ पांडेय हैं, जबकि झामुमो के अधिकृत प्रत्याशी संतोष केशरी फिलहाल चौथे स्थान पर पिछड़ते दिख रहे हैं. वहीं वार्डों की बात करें तो वार्ड 5 से अंजू केसरी और वार्ड 7 से विनोद प्रसाद उर्फ करीमन बघेल ने अपनी जीत सुनिश्चित कर ली है.


23 फरवरी 2026 को हुआ था चुनाव 

झारखंड के सभी 48 नगर निकायों के लिए मतदान 23 फरवरी 2026 को एक ही चरण में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ था. राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, इस बार चुनाव दलीय आधार पर नहीं बल्कि गैर-दलीय रूप से बैलेट पेपर के माध्यम से कराए गए. करीब 4 साल के लंबे इंतजार के बाद हुए इन चुनावों में मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया, जिसके बाद आज 27 फरवरी को मतों की गिनती की जा रही है.

Tags:    

Similar News