मेरठ न्यूज़ : लेडी टीचर को अश्लील मैसेज भेजने पर बवाल, स्कूल बस में घुसकर छात्र की बेरहमी से पिटाई
Meerut News : स्कूल बस में छात्र पर हमला करने वाले हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर परिजनों ने हमला कर दिया. महिलाओं ने धक्का-मुक्की कर आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया, जिसके बाद पुलिस ने 11 लोगों पर एफआईआर दर्ज किया हैं.
मेरठ न्यूज़ : लेडी टीचर को अश्लील मैसेज भेजने पर बवाल, स्कूल बस में घुसकर छात्र की बेरहमी से पिटाई
Meerut School Student Attack Case : मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक स्कूली छात्र पर जानलेवा हमले के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा. लोहिया नगर इलाके में जब पुलिस हिस्ट्रीशीटर अभिषेक त्यागी उर्फ कलवा को गिरफ्तार करने पहुंची, तो घर की महिलाओं और परिजनों ने पुलिस टीम को ही घेर लिया. इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की हुई और परिजनों ने आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया. पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और दो आरोपियों को हिरासत में लिया है.
क्या है पूरा मामला?
विवाद की शुरुआत एक इंस्टाग्राम फेक आईडी से हुई. पीड़ित छात्र जतिन त्यागी के पिता योगेश के मुताबिक, जतिन के ही क्लासमेट हरिकेत ने करीब छह महीने पहले जतिन के नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी. इस आईडी के जरिए आरोपी ने अपनी ही महिला टीचर को अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए. जब टीचर ने जतिन को डांटा और कार्रवाई की चेतावनी दी, तब भी मैसेज बंद नहीं हुए.
जब मामले ने टूल पकड़ा तो जतिन के पिता ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई. जांच में खुलासा हुआ कि यह सब हरिकेत की करतूत थी. अपनी पोल खुलने से बौखलाए हरिकेत ने बदला लेने के लिए बीते बुधवार को साथियों संग मिलकर जतिन की स्कूल बस रुकवाई और उस पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया.
पुलिस टीम पर हमला और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश
हमले की इस वारदात के बाद पुलिस जब शुक्रवार शाम कैली गांव में आरोपी अभिषेक त्यागी उर्फ कलवा को पकड़ने पहुंची, तो वहां हंगामा खड़ा हो गया. पुलिस ने कलवा को पकड़ तो लिया था, लेकिन तभी उसके घर की महिलाएं, ताई और भांजी समेत दर्जनों लोग बाहर निकल आए. उन्होंने पुलिस टीम के साथ बदसलूकी की और छीना-झपटी कर कलवा को भगा दिया. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि इस मामले में हरिकेत और मोहित नाम के दो आरोपियों को पकड़ लिया गया है, बाकी की तलाश की जा रही हैं.
राजनीतिक मोड़ और समाज का अल्टीमेटम
इस घटना ने अब जातीय और राजनीतिक मोड़ भी ले लिया है. त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि पुलिस असली दोषियों को पकड़ने के बजाय अभिषेक त्यागी को जबरन फंसा रही है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर निर्दोष को गिरफ्तार किया गया, तो समाज बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जायेगा. फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है.