Yograj Singh on Arjun Tendulkar : "6 महीने मेरे साथ रह जाए अर्जुन तेंदुलकर, फिर..", योगराज सिंह का दावा, कहा : नहीं किया ऐसा तो कटवा लूंगा दाढ़ी
Yograj Singh on Arjun Tendulkar : योगराज सिंह ने कहा कि अर्जुन जब मेरे पास आया था तो मैंने युवराज सिंह से कहा था कि आप लोग अर्जुन तेंदुलकर की गलत चीज पर फोकस कर रहे हो।
इमेज सोर्स - गूगल
Yograj Singh on Arjun Tendulkar : विश्व के महान बल्लेबाज और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर इस वक्त सुर्खियों में हैं। दरअसल, आईपीएल 2026 में अर्जुन तेंदुलकर लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) का हिस्सा हैं। बीते दिनों पूर्व ऑफ स्पिनर आर. अश्विन के एक बयान ने अर्जुन तेंदुलकर को लाइमलाइट में ला दिया और फिर अश्विन के बयान पर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह भड़क गये हैं।
आर. अश्विन की लगा दी क्लास
दरअसल, बीते दिनों आर. अश्विन ने कहा कि लखनऊ सुपरजायंट्स इस सीजन अर्जुन तेंदुलकर को एक भी मैच नहीं खिलाएगी क्योंकि उनके पास पेसर्स की फौज है। LSG में मो. शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव, मयंक यादव, मोहसिन खान जैसे कई धुरंधर शामिल हैं, ऐसे में अर्जुन तेंदुलकर को चांस नहीं मिल पाएगा। अश्विन के इस बयान पर अब सिक्सर किंग युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह भड़क गये हैं। योगराज सिंह ने अश्विन की क्लास लगाते हुए कहा है कि यह अश्विन जो कोई भी है, बकवास कर रहा है। उसे पता होना चाहिए कि किसी के बारे में क्या बात करनी है। वह टीवी पर बैठकर ये कह रहा है कि ओह, वो ये कर सकता है, ये नहीं कर सकता। तुम्हारी क्या हैसियत है?
"6 महीने मेरे साथ रह जाए अर्जुन तेंदुलकर.."
इसके साथ ही योगराज सिंह ने दावा करते हुए यहां तक कह दिया कि "अगर अर्जुन तेंदुलकर छह महीने उनके साथ रह जाए तो वो उन्हें दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बना देंगे। अगर वो ऐसा नहीं कर पाए तो वे अपनी दाढ़ी कटा लेंगे। योगराज सिंह ने कहा कि अर्जुन जब मेरे पास आया था तो मैंने युवराज सिंह से कहा था कि आप लोग अर्जुन तेंदुलकर की गलत चीज पर फोकस कर रहे हो। अर्जुन फास्ट बॉलर है ही नहीं, उसकी रीढ़ की हड्डी में दिक्कत है, उसका हाथ 45 डिग्री से आता है। ये बात मैंने गोवा रणजी टीम के कोच से भी कही थी कि ये आपलोग इसके साथ क्या कर रहे हो।"
योगराज सिंह ने दावा करते हुए कहा कि अगर वो मेरे साथ छह महीने गुजार लें तो वो दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बैट्समैन बन जाएगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो मैं दाढ़ी कटवा लूंगा। गौरतलब है कि अर्जुन तेंदुलकर पिछले सीजन तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे लेकिन इस साल उन्हें लखनऊ सुपरजायंट्स ने अपने साथ जोड़ा है।