T20 वर्ल्ड कप ब्रेकिंग: भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा पाकिस्तान, टूर्नामेंट खेलने को सरकार से मिली मंजूरी, जानिए विवाद के पीछे की कहानी!
T20 World Cup 2026: पाकिस्तान सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति तो दे दी है लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
नई दिल्ली 1 फरवरी 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में इसी महीने 7 फरवरी से शुरू हो रहे T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर पाकिस्तान ने बड़ा फैसला लिया है। पाकिस्तान सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति तो दे दी है लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 15 फरवरी को प्रस्तावित है। यह मैच आमतौर पर टूर्नामेंट का सबसे हाई-वोल्टेज मुकाबला माना जाता है लेकिन अब पाकिस्तानई टीम इस मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।
शाहबाज़ सरकार ने दी मंजूरी, लेकिन शर्त के साथ
पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से जारी बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की इजाजत दी गई है लेकिन भारत के खिलाफ मैच में टीम हिस्सा नहीं लेगी। इस फैसले के साथ ही लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लग गया है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप खेलेगा या नहीं।
#ICCT20WORLDCUP | Pakistan will not play the match against India on February 15th, tweets Government of Pakistan pic.twitter.com/4dUN9Xi1EE
— ANI (@ANI) February 1, 2026
पहले टूर्नामेंट से हटने की दी थी धमकी
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा था कि अगर बांग्लादेश के साथ हुए व्यवहार पर आपत्ति का समाधान नहीं हुआ, तो पाकिस्तान पूरे टूर्नामेंट से हट सकता है। इस बयान के बाद आईसीसी की ओर से पीसीबी को सख्त रुख अपनाने की चेतावनी भी दी गई थी। नकवी ने तब कहा था कि अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार करेगी।
बहिष्कार की वजह क्या है?
पाकिस्तान का यह फैसला बांग्लादेश के T20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद सामने आया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का कहना था कि उनके खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भारत में खतरा है, इसलिए वे अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलना चाहते थे। आईसीसी ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद भी बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा रहा जिसके चलते आईसीसी ने उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल किया गया। पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने इसे बांग्लादेश के साथ अनुचित व्यवहार बताया था और कहा था कि इसी वजह से पाकिस्तान भी कड़ा कदम उठा सकता है।
इस मुद्दे पर शहबाज़ शरीफ से मोहसिन नकवी की 26 जनवरी को मुलाकात हुई थी। उस समय फैसला टाल दिया गया था लेकिन अब पाक सरकार ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान टूर्नामेंट खेलेगा हालांकि भारत के खिलाफ मुकाबले से दूरी बनाए रखेगा।
टूर्नामेंट पर क्या पड़ेगा असर?
भारत-पाकिस्तान मैच को वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा आकर्षण माना जाता है। पाकिस्तान के बहिष्कार से न सिर्फ खेल समीकरण बदलेंगे बल्कि टूर्नामेंट की व्यावसायिक और दर्शक दिलचस्पी पर भी असर पड़ सकता है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान का यह फैसला क्रिकेट से ज्यादा कूटनीतिक और राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। अब सबकी नजर आईसीसी के अगले कदम पर टिकी है।