RCB vs DC IPL 2023: 175 रन का पीछा करते हुए दिल्ली की खराब शुरुआत, दो रन पर तीन विकेट गिरे...

Update: 2023-04-15 12:18 GMT

RCB vs DC IPL 2023 : नईदिल्ली I आईपीएल में आज दिल्ली कैपिटल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से है। दोनों टीमें अंक तालिका में काफी नीचे हैं और दोनों इस मैच में जीत की पटरी पर लौटना चाहेंगी। दिल्ली की टीम लगातार चार मैच हार चुकी है और इस मैच में हर हाल में जीत हासिल करना चाहेगी। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली के सामने 175 रन का लक्ष्य रखा है। 

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 175 रन का लक्ष्य रखा है। बैंगलोर के लिए सबसे ज्यादा 50 रन विराट कोहली ने बनाए। वहीं, महिपाल लोमरोर ने 26 और ग्लेन मैक्सवेल ने 24 रन की पारी खेली। अंत में शाहबाज अहमद ने अच्छी पारी खेली। दिल्ली के लिए मिचेल मार्श और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए। अक्षर पटेल और ललित यादव को एक-एक विकेट मिले।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी की टीम ने अच्छी शुरुआत की। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस ने पहले विकेट के लिए 28 गेंद में 42 रन जोड़े। प्लेसिस 16 गेंद में 22 रन बनाकर मिचेल मार्श का शिकार बने। अमन हकीम खान ने शानदार कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन भेजा। इसके बाद विराट ने महिपाल लोमरोर के साथ भी 47 रन की साझेदारी की और अपनी टीम का स्कोर 89 रन तक ले गए। इस बीच उन्होंने 33 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर वह यश धुल को कैच थमा बैठे। कोहली ललित यादव की फुल टॉस गेंद पर छक्का लगाना चाहते थे और बाउंड्री लाइन पर पकड़े गए।

कोहली के आउट होने के बाद ग्लेन मैक्लवेल ने महिलपाल लोमरोर के साथ मिलकर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। लोमरोर ने 13वें ओवर में मिचेल मार्श की गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर वह विकेटकीपर अभिषेक पोरेल को कैच थमा बैठे। उन्होंने 18 गेंद में 26 रन बनाए। उनके आउट होते ही आरसीबी का मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया। पांचवें नंबर पर आए हर्षल पटेल अगले ही ओवर में चार गेंद में छह रन बनाकर आउट हो गए। अगली ही गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल आउट हो गए। उन्होंने 14 गेंद में 24 रन बनाए। दिनेश कार्तिक भी पहली ही गेंद पर ललित यादव को कैच देकर पवेलियन लौट गए।

Full View

कुलदीप यादव ने दो लगातार गेंदों पर विकेट लिए, लेकिन अपनी हैट्रिक नहीं पूरी कर सके। 132 रन पर आरसीबी ने छह विकेट गंवा दिए थे। इसी स्कोर पर टीम के तीन विकेट गिरे थे। इस वजह से यह टीम आखिरी के ओवरों में तेजी से रन नहीं बना सकी और 200 का स्कोर बनाने से चूक गई। हालांकि, शाहबाज अहमद ने अनुज रावत के साथ मिलकर उपयोगी साझेदारी की और 42 रन जोड़े। इसी वजह से आरसीबी की टीम छह विकेट खोकर 174 रन बनाने में सफल रही। शाहबाज अहमद ने 12 गेंद में नाबाद 20 रन बनाए, लेकिन अनुज रावत 22 गेंद में 15 रन ही बना सके। अगर वह अपने नाम के अनुरूप बल्लेबाजी करते तो बैंगलोर के पास 200 रन के स्कोर तक पहुंचने का मौका था। दिल्ली के लिए कुलदीप यादव और मिचेल मार्श ने दो-दो विकेट लिए। अक्षर पटेल और ललित यादव को एक-एक विकेट मिला।

Tags:    

Similar News