MLA टोप्पो ने वीरता पदक का उठाया मुद्दा, मंत्री से पूछा– वीर जवानों की वीरता का छत्तीसगढ़ सरकार किस अंदाज में सम्मान करती है, गृह मंत्री ने दिया कुछ ऐसा जवाब

Chhattisgarh Vidhansabha Budget Session 2026: सीतापुर के विधायक व फौजी रामकुमार टोप्पो ने डिप्टी सीएम व गृह मंत्री विजय शर्मा से पूछा, छत्तीसगढ़ के जिन बहादुर जवानों को वीरता पुरस्कार से नवाजा जाता है, ऐसे वीर जवानों की वीरता का छत्तीसगढ़ सरकार किस अंदाज में सम्मान करती है। विधायक टोप्पो ने ऐसे जवानों की सुविधाओं को लेकर गृह मंत्री से मांग भी की।

Update: 2026-03-19 07:38 GMT

npg.news

रायपुर 19 मार्च 2026, सीतापुर के विधायक व फौजी रामकुमार टोप्पो ने डिप्टी सीएम व गृह मंत्री विजय शर्मा से पूछा, छत्तीसगढ़ के जिन बहादुर जवानों को वीरता पुरस्कार से नवाजा जाता है, ऐसे वीर जवानों की वीरता का छत्तीसगढ़ सरकार किस अंदाज में सम्मान करती है। विधायक टोप्पो ने ऐसे जवानों की सुविधाओं को लेकर गृह मंत्री से मांग भी की।

विधायक रामकुमार टोप्पो के सवाल के जवाब में गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा, विधायक खुद सेना के जवान रहे हैं और उन्होंने वीरता पदक प्राप्त किया है। छत्तीसगढ़ देश का ऐसा प्रदेश है, जिसे 2024 में राष्ट्रपति का कलर अवार्ड मिला, जो किसी भी बल के लिए सबसे बड़ा सम्मान होता है। यह हमारे लिए गर्व और गौरव की बात है।

रामकुमार टोप्पो ने पूछा,परिशिष्ट में राष्ट्रपति द्वारा दिए जाने वाले दो पदकों का उल्लेख नहीं है। पीपीएमजी (प्रेसिडेंट पुलिस मेडल ऑफ गैलेंट्री) और पीएमजी (पुलिस मेडल ऑफ गैलेंट्री) का जिक्र नहीं होने का क्या कारण है। क्या राज्य शासन इन्हें वीरता पदक के रूप में सम्मान नहीं देता।

डिप्टी सीएम ने बताया, राष्ट्रपति का वीरता पदक और पुलिस पदक दोनों ही मामलों में पदक प्राप्त करने वाले को 6 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन में जोड़कर आजीवन दिया जाता है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ शौर्य पदक भी है, जिसमें 1500 रुपए प्रतिमाह जीवनभर दिया जाता है। फिलहाल एकमुश्त सम्मान राशि का प्रावधान नहीं है, लेकिन इस प्रश्न के बाद इस पर सरकार स्तर पर विचार किया जाएगा।

विधायक के सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सदन को बताया, परमवीर चक्र पर 20 हजार रुपए प्रतिमाह और महावीर चक्र पर 10 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन में जोड़कर दिया जाता है। विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा, राज्य में पदक प्राप्तकर्ताओं के लिए भूमि, रोजगार, भर्तियों में प्राथमिकता, बस सुविधा, स्वास्थ्य और बच्चों की पढ़ाई के लिए विशेष प्रावधान किया जाना चाहिए। इस पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा, पहले से रेलवे पास और आयकर में छूट जैसी सुविधाएं दी जाती हैं। इसके बावजूद समय के अनुसार नए प्रावधानों की जरूरत है। आप भी सेना के जवान रहे हैं, आपसे चर्चा कर इन सभी विषयों पर प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार के पास रखा जाएगा।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने पूछे ये सवाल

क्या छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस एवं सशस्त्र बल के जवानों और अधिकारियों एवं छत्तीसगढ़ राज्य में निवासरत देश के विभिन्न राज्य बलों व सेना में कार्यरत जवानों व अधिकारियों को वीरता कार्य पर मिलने वाले पुलिस वीरता पदक सहित वीरता के सभी पदकों के प्राप्तकर्ता को छत्तीसगढ़ राज्य में सरकार से किसी प्रकार की कोई सम्मान राशि दी जाती है? (ख) वर्ष 2024 से 26 जनवरी, 2026 तक कितने और कौन-कौन से वीरता पदक किस प्रकरण पर अधिकारियों और जवानों को वीरता पदक प्राप्त हुए? पदवार व नाम सहित जानकारी प्रदान करें?

डिप्टी सीएम विजय शर्मा के ये है जवाब

छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवानों को राष्ट्रपति वीरता पदक एवं वीरता पदक प्राप्त होने पर भारत सरकार, गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित मौद्रिक भत्ता प्रदाय किया जाता है तथा राज्य पुलिस बल कार्मिकों को छत्तीसगढ़ शौर्य पदक प्राप्त होने पर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मौद्रिक भत्ता प्रदाय किया जाता है। छ.ग. शासन, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी परिपत्र अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य के स्थायी निवासी जो विभिन्न राज्य बलों, केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों एवं सेना में सेवारत् हैं तथा छत्तीसगढ़ के आम नागरिक/पुलिस बल कार्मिक जिन्हें वीरतापूर्ण कार्य के लिए शौर्य/युद्ध सेवा मेडल श्रृंखला अन्तर्गत प्राप्त चक्र/मेडल प्राप्त होने पर दिये जाने वाले अनुदान राशि भूमि के एवज में नगद राशि की जानकारी संलग्न प्रपत्र "अ" अनुसार है। (ख) प्रश्नाधीन अवधि की प्रकरणवार, पदवार एवं नाम सहित जानकारी संलग्न प्रपत्र "ब" अनुसार है।

Tags:    

Similar News