नीतीश कुमार आज लेंगे राज्यसभा सदस्य की शपथ, हरिवंश नारायण सिंह को राष्ट्रपति मुर्मू ने पहुंचाया राज्यसभा

Nitish Kumar News : सीएम नीतीश कुमार आज दोपहर राज्यसभा सदस्य की शपथ लेंगे। उनके करीबी हरिवंश नारायण सिंह फिर से राज्यसभा के मनोनीत हो गए। राष्ट्रपति मुर्मू ने उनका मनोनयन किया है।

Update: 2026-04-10 06:10 GMT

Nitish Kumar And Harivansh Narayan Singh News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दोपहर राज्यसभा सांसद की शपथ लेंगे। इससे पहले सुबह दिल्ली में उनसे मिलने बिहार के तमाम बड़े नेता पहुंच रहे। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने नीतीश से मुलाकात की। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी और मंत्री मदन सहनी भी मिले हैं। वहीं, नीतीश कुमार शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलेंगे। इस दौरान बिहार की नई राजनीतिक रणनीति और एनडीए सरकार के स्वरूप पर चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक बैठक में बिहार के नए सीएम और बनने वाली नई सरकार के मंत्रिमंडल पर चर्चा हो सकती है।

जदयू नेता हरिवंश नारायण सिंह फिर राज्यसभा सांसद बनाए गए हैं। राज्यसभा सांसद के रूप में गुरुवार को ही उनका कार्यकाल खत्म हुआ था। राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु ने उन्हें मनोनीत किया है।

खरमास बाद बिहार में नई सरकार

नीतीश कुमार आज शाम को पटना लौटेंगे। 13 अप्रैल को वह कैबिनेट की अंतिम बैठक करेंगे। 14 अप्रैल को नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसी दिन एनडीए विधायक दल की बैठक होगी। इसमें नए सीएम के नाम पर मुहर लगेगी। गुरुवार को दिल्ली पहुंचने पर सीएम नीतीश ने कहा था कि अब यहीं रहूंगा। बहुत समय तक यहां काम किया है। अब फिर यहीं काम करूंगा। 20 साल बिहार में बहुत काम किया है। आगे भी काम जारी रहेगा।

जदयू से 2 डिप्टी सीएम होने की संभावना

जदयू सूत्रों के अनुसार जदयू को पहली बार डिप्टी सीएम पद मिल सकता है। पार्टी के दो डिप्टी सीएम हो सकते हैं। साथ ही विधानसभा स्पीकर पद भी पार्टी के पाले में होगा। पार्टी के दो डिप्टी सीएम में से एक निशांत कुमार का बनना करीब-करीब तय है। बिहार में पार्टी का भी नेतृत्व निशांत के हाथों में होगा।

नीतीश के जाने से बिहार खुश नहींः मदन सहनी

राज्य सरकार में मंत्री मदन सहनी ने कहा कि नीतीश कुमार के दिल्ली आने से न जदयू खुश है, न बिहार। मगर, ये नीतीश कुमार का ही फैसला है। वह आज शपथ ग्रहण बाद पटना लौट जाएंगे। मदन सहनी से पहले मंत्री अशोक चौधरी ने भी नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफा देने पर काफी दुख जताया था। उनका वीडियो काफी वायरल हुआ था, जिसमें वह रो रहे थे। 

Tags:    

Similar News