नीतीश कुमार पर तेजस्वी यादव का बड़ा हमला, बोले-पार हो रही आयु सीमा...
Tejashwi Yadav News : तेजस्वी यादव ने कहा है कि उन्होंने उप मुख्यमंत्री रहते हुए 5 लाख युवाओं को नौकरियां दी। अब डबल इंजन की सरकार बार-बार अकारण परीक्षाएं टालकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही।
Tejashwi Yadav On Teacher Bharti: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल राज्यसभा सदस्य की सदस्यता लेंगे। इससे पहले आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने रोजगार से जुड़े मुद्दे पर सरकार को घेरा है। मामला शिक्षक भर्ती से जुड़ा है। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे लेकर पोस्ट किया है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि 17 महीनों की महागठबंधन सरकार (राजद, जदयू, कांग्रेस) में मेरी विशेष पहल पर शिक्षा विभाग को राजद कोटे में लेकर सबसे पहले युद्ध स्तर पर शिक्षा विभाग में टीआरई-1 और टीआरई-2 अंतर्गत तय समय सीमा में बिना पेपरलीक, पूरी पारदर्शिता के साथ रिकॉर्ड 2.20 लाख अभ्यर्थियों की नियुक्ति कराई। टीआरई-3 की भी नियुक्ति प्रक्रियाधीन कराई, लेकिन जनवरी 2024 में हमारे सरकार से हटते पेपरलीक की वजह से टीआरई-3 को रद्द किया गया। फिर परीक्षा विलंब से हुई।
घोषणा के 1 साल बाद भी वैकेंसी नहीं निकाली
तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनावी साल 2025 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिखा था-लिखाया ट्वीट, चिपकाकर युवाओं से वादा किया था कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की रिक्तियों की गणना कर जल्द टीआरई-4 का आयोजन होगा। उस घोषणा को एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन टीआरई-4 की वैकेंसी जारी नहीं हुई है।
अगस्त 2024 में होनी चाहिए थी परीक्षा
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि BPSC कैलेंडर के अनुसार परीक्षा अगस्त 2024 में होनी चाहिए थी। मगर, चुनाव आयोग, तंत्र और 10 हजारिया की बदौलत सत्ता हड़पने वाली कुर्सीबाज बीजेपी और जदयू सरकार युवाओं की जरूरत को समझ नहीं पाई। फिर 2025 के अक्टूबर में परीक्षा कराने की बात कही गई, जिससे चुनावी आचार संहिता लागू होते परीक्षा टल जाए। ऐसा ही हुआ। चुनाव हुआ और सरकार बन गई। महीनों बीते, लेकिन शिक्षक अभ्यर्थी अब भी इंतजार कर रहे हैं।
𝟏𝟕 महीनों की महागठबंधन सरकार में मेरी विशेष पहल पर शिक्षा विभाग को राजद कोटे में लेकर सर्वप्रथम युद्ध स्तर पर शिक्षा विभाग में 𝐓𝐑𝐄-𝟏 और 𝐓𝐑𝐄-𝟐 के अंतर्गत निर्धारित समय सीमा के अंदर बिना किसी पेपरलीक, संपूर्ण पारदर्शिता के साथ रिकॉर्ड 𝟐,𝟐𝟎,𝟎𝟎𝟎 से अधिक अभ्यर्थियों को…
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) April 9, 2026
अकारण परीक्षा टाल रही सरकार
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि उन्होंने उप मुख्यमंत्री रहते हुए 17 महीने में पांच लाख लोगों को नौकरी दी। 3.50 लाख से अधिक नौकरियों की प्रक्रिया शुरू करवाई। मगर, अब डबल इंजन सरकार बार-बार अकारण परीक्षा टालकर, बहाना बनाकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही। अभ्यर्थियों की आयु सीमा पार हो रही। उनका धैर्य जवाब दे रहा है। हर युवा नौकरी पाकर परिवार की जिम्मेदारी उठाना चाहता है। परिजनों के सपनों को पूरा करना चाहता है।
TRE-4 की वैकेंसी जल्द जारी करने की अपील
राजद नेता ने कहा कि मेरी सरकार से अपील है कि टीआरई-4 की वैकेंसी अविलंब जारी की जाए, क्योंकि यह लाखों युवाओं के भविष्य का मामला है। मेरी अपील है कि कुर्सी की अदला-बदली में बीजेपी और जदयू सरकार लाखों युवाओं के हक-अधिकार, मांगों, आकांक्षाओं, उम्मीदों और सपनों का कत्ल नहीं करे।