नीतीश कुमार दिल्ली रवाना, कल राज्यसभा सदस्य की लेंगे शपथ, खरमास बाद देंगे CM पद से इस्तीफा, नई सरकार का फॉर्मूला भी जानिए!
Nitish Kumar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना से दिल्ली रवाना हो गए हैं। उनके साथ जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा हैं।
Nitish Kumar Rajya Sabha Oath: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना से दिल्ली रवाना हो गए हैं। उनके साथ जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा हैं। संजय झा ने कहा है कि 13 अप्रैल के बाद नई सरकार बनने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। खरमास बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी आज दोपहर 3.20 बजे की फ्लाइट से दिल्ली रवाना होंगे।
संजय झा ने यह भी बताया कि नीतीश कुमार शुक्रवार को दोपहर 12.15 बजे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इधर, प्रदेश में सत्ता परिवर्तन पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सबकुछ नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही हो रहा है।
दिल्ली में आज शाम जदयू नेताओं के साथ बैठक करेंगे नीतीश कुमार
सूत्रों के अनुसार सीएम नीतीश कुमार आज दिल्ली में अपने दल के नेताओं के साथ मीटिंग करेंगे। इसमें राष्ट्रीय परिषद एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नेता शामिल होंगे। बिहार की नई सरकार और निशांत कुमार को दायित्व सौंपने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। अब तक के कार्यक्रम के अनुसार दिल्ली में कल शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार शनिवार को पटना वापस लौटेंगे। दिल्ली में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मिलेंगे।
जदयू से 2 उप मुख्यमंत्री पर फैसला
पीएम मोदी और अमित शाह के साथ नीतीश की बैठक में नई सरकार में जदयू की हिस्सेदारी बात बनेगी। सूत्रों के अनुसार एनडीए के मौजूदा फॉर्मूले को आगे बढ़ाया जाएगा। इस हिसाब से जदयू को पहली बार उप मुख्यमंत्री पद मिलेगा। पार्टी के 2 उप मुख्यमंत्री हो सकते हैं। इसके अतिरिक्त बिहार विधानसभा का स्पीकर पद भी जदयू के पाले में जाएगा। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को जदयू से उप मुख्यमंत्री पद के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।
डिप्टी सीएम के लिए इन नामों की चर्चा
सूत्रों के अनुसार जदयू के दो डिप्टी सीएम में से एक निशांत कुमार का बनना तय है। नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। ऐसे में बिहार में जदयू का नेतृत्व निशांत के हाथों में होगा। डिप्टी सीएम के रूप में निशांत कुमार की सरकार में ताकतवर मौजूदगी होगी। निशांत राजनीति में नए हैं। ऐसे में जदयू के एक और नेता को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। यह पद निशांत और नीतीश के भरोसेमंद नेता को मिलने की उम्मीद है। हालांकि, नाम तय नहीं हुआ है।
क्या होगा नए मंत्रिमंडल का फॉर्मूला?
नई सरकार खरमास बाद 15 या 16 अप्रैल को अस्तित्व में आ सकती है। सूत्रों के अनुसार नई सरकार में सीएम भाजपा का होगा। जदयू के 13 नेता मंत्री बनेंगे। भाजपा के पास एक सीएम और 10 मंत्री हो सकते हैं। चिराग पासवान की पार्टी LJPR के 2, हम के 1 और RLM के 1 नेता को मंत्री पद मिलने की संभावना है। जदयू पुराने मंत्रियों को दोहराने के साथ टीम निशांत कुमार के 2 से 3 विधायकों को मंत्री बना सकता है।