IAS बनकर महिला ने ठेका दिलाने का झांसा देकर ऐंठे 35 लाख रुपए... खुद बनी फर्जी अधिकारी और पति को बनाया था अपना बॉडीगार्ड, अब हुए गिरफ्तार

Bihar Fake IAS News: 35 लाख रुपए की ठगी करने वाले दंपति को पुलिस ने पटना से गिरफ्तार किया है। इन पर मधेपुरा में ठेकेदार से लाखों रुपये ठगने का आरोप है।

Update: 2026-04-08 13:05 GMT

Bihar Fake Women IAS News: चमचमाती कार। लाल रंग का बोर्ड, जिस पर लिखा था- बिहार सरकार, प्रधान सचिव सह मिशन निदेशक, सामान्य प्रशासन विभाग। इसे देखकर और कार में सवार महिला और उनके बॉडीगार्ड बने युवक से मिलकर नारायण यादव नामक ठेकेदार प्रभावित और उसने ठेका दिलाने के लिए 35 लाख रुपये उनको दे दिए। मधेपुरा में हुई इस ठगी का खुलासा हुआ तो सभी चौंक गए।

नारायण यादव से रकम दिए जाने के कई माह बाद जब मामला पुलिस स्टेशन में पहुंचा और जांच हुई तो महिला फर्जी आईएएस और उसका बॉडीगार्ड फर्जी निकला। पता चला कि बॉडीगार्ड वास्तव में महिला का पति है। मधेपुरा पुलिस ने पटना से फर्जी महिला आईएएस अधिकारी श्रद्धांजलि देवी और उसके फर्जी बॉडीगार्ड पति सन्नी राय को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों पर मधेपुरा के नारायण यादव से सरकारी ठेके दिलाने के नाम पर 35 लाख रुपये की ठगने का आरोप है।

पटना से हुई गिरफ्तारी

भोजपुर के पीसे थाना क्षेत्र अंतर्गत अगिया केस निवासी आरोपी पति-पत्नी को पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के बिलपटोला में गिरफ्तार किया गया। फिर पुलिस उनको मधेपुरा ले आई। उनके पास से एक कार और आईफोन मोबाइल बरामद किया गया है।

कैसे फंसा ठेकेदार?

पुलिस के अनुसार नारायण यादव की सन्नी राय से पिछले साल सिंहेश्वरधाम में मुलाकात हुई थी। सिंहेश्वर धाम में खड़ी एक सफेद कार के आगे लगे बोर्ड पर बिहार सरकार, प्रधान सचिव सह मिशन निदेशक, सामान्य प्रशासन विभाग लिखा था। कार में एक महिला और एक वर्दीधारी बॉडीगार्ड था। वहां आयोजित सत्संग के दौरान बॉडीगार्ड यानी सन्नी राय से नारायण यादव की बातचीत हुई। सन्नी ने उसको बताया कि उसके साथ आईं महिला आईएएस अधिकारी हैं। उनके पति भी आईएएस हैं। दोनों पटना में सामान्य प्रशासन विभाग में तैनात हैं। सन्नी ने नारायण यादव से पूछा कि वह क्या काम करता है। इस पर उसने बताया कि वह ठेकेदार है। सन्नी राय ने नारायण को झांसा दिया कि वह उसको विभाग में बहुत सारे कामों के ठेके दिला सकता है। नारायण जाल में फंस गया। सन्नी राय ने ठेके दिलाने के एवज में नारायण यादव से 34 लाख 74 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।

पैसे वापस मांगने पर मारपीट

नारायण को यह रकम देने के बावजूद ठेका नहीं मिला। इस पर उसने सन्नी पर पैसा वापस करने का दबाव बनाया। बीच में जब सन्नी राय किसी काम से मधेपुरा आया तो नारायण यादव ने उससे पैसे मांगे। इस पर सन्नी राय और उनके बीच हाथापाई हो गई। सन्नी ने नारायण का आईफोन छीन लिया और चला गया।

8 फरवरी को दर्ज कराई थी FIR

मधेपुरा थाना प्रभारी विमलेंदु कुमार के अनुसार नारायण यादव ने 8 फरवरी को ठगी की एफआईआर दर्ज कराई। उसके बाद ठग दंपति को गिरफ्तार करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित हुई। टीम ने मामले की जांच की तो पता चला कि भोजपुर जिले की निवासी सन्नी राय अपनी पत्नी श्रद्धांजलि देवी को आईएएस अधिकारी बताकर ठगी कर रहा है।पूर्व में कई लोगों को ठग चुका है। उसके बाद पुलिस ने दोनों को पटना से गिरफ्तार कर लिया।

Tags:    

Similar News