अगला सीएम कौन? बिहार में नए मुख्यमंत्री के लिए भाजपा ने सम्राट चौधरी समेत इन नेताओं को बुलाया दिल्ली
Bihar New CM: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में 10 अप्रैल को बैठक होगी। इसमें औपचारिक रूप से प्रदेश कोर कमेटी से नए मुख्यमंत्री के लिए नामों का सुझाव मांगा जा सकता है।
सम्राट चौधरी। इमेज-सोशल मीडिया
Bihar New CM Name: बिहार में नई सरकार के गठन के लिए 10 अप्रैल को दिल्ली में भाजपा की अहम बैठक होगी। बिहार भाजपा कोर ग्रुप के नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में यह बैठक होगी। इसमें भाजपा के शीर्ष केंद्रीय नेताओं के अलावा बिहार के नेता भी शामिल होंगे।
इस बैठक में शामिल होने वाले नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, नित्यानंद राय, संजय जायसवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र जी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया भी रहेंगे।
प्रदेश कोर कमेटी से मांगा जाएगा नए सीएम के लिए नाम
मंत्री दिलीप जायसवाल, मंत्री मंगल पांडेय समेत अन्य प्रमुख नेताओं को भी बुलाया गया है। बैठक में औपचारिक रूप से प्रदेश कोर कमेटी से मुख्यमंत्री के लिए नामों का सुझाव मांगा जा सकता है। नए मुख्यमंत्री के नाम पर आम सहमति बनाने का प्रयास रहेगा। बैठक बाद राष्ट्रीय नेतृत्व आगे का फैसला लेगा। नया मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर तस्वीर साफ नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्टों में सम्राट चौधरी समेत कई नामों की चर्चा है, लेकिन आधिकारिक जानकारी नहीं है।
10 अप्रैल को नीतीश कुमार को लेना है राज्यसभा की शपथ
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह पर चर्चा होगी। भाजपा से इस बार मुख्यमंत्री बनना लगभग तय है। नीतीश राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। वो 10 अप्रैल को शपथ लेंगे। इसके लिए वह दिल्ली में रहेंगे। नीतीश कुमार के साथ नितिन नबीन, उपेंद्र कुशवाहा भी शपथ लेंगे। बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुआ था। सभी सीटें एनडीए जीती थीं।