बांकीपुर सीट को लेकर राजद और कांग्रेस में टकराव, उपचुनाव को लेकर सियासत तेज

Bankipur Constituency News: नितिन नबीन के राज्यसभा निर्वाचित होने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर दावेदारी शुरू है। भाजपा के कई नेताओं ने दावेदारी पेश की है। उधर, राजद और कांग्रेस ने भी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है।

Update: 2026-04-07 08:11 GMT

Bankipur Constituency By Election News: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अब राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित हैं। उन्होंने राजधानी पटना की बांकीपुर सीट से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। अब इस सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा में दावेदारी शुरू हो गई है। बांकीपुर सीट पर कांग्रेस और राजद आमने-सामने नजर आ रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां से राजद ने चुनाव लड़ा था। इस बार कांग्रेस भी दावेदारी जता रही है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने उपचुनाव को लेकर अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

कांग्रेस इस सीट पर 2020 में विधानसभा चुनाव लड़ चुकी है। पार्टी ने टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था। नितिन नबीन ने लव को काफी अधिक मतों के अंतर से हराया था। अब एक बार फिर कांग्रेस से लव सिन्हा को टिकट मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दरअसल, इस सीट पर कायस्थ जाति के सदस्य ही निर्वाचित होते रहे हैं। लव सिन्हा भी इसी जाति से आते हैं। उनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस उन पर फिर भरोसा जता सकती है।

भाजपा के पूर्व विधायक के बेटे के नाम की भी चर्चा

बांकीपुर सीट से उपचुनाव में दावेदारी को लेकर कई नेता अपने बेटे को टिकट दिलाने के लिए कोशिश कर रहे हैं। पटना स्थित कुम्हरार के पूर्व भाजपा विधायक अरुण सिन्हा को लेकर चर्चा है कि वे अपने बेटे आशीष सिन्हा को टिकट दिलाना चाह रहे हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान अरुण सिन्हा का कुम्हरार सीट से टिकट काटा गया था। आशीष सिन्हा पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं।

प्रबल दावेदार कौन?

बांकीपुर सीट पर किसे टिकट मिलेगा, इस पर भाजपा के वरिष्ठ नेता चुप्पी साधे हुए हैं। वैसे, संजय मयूख का नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। यह अभी भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी और नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी हैं। सूत्रों के अनुसार नितिन नबीन और संजय मयूख के परिवारों के बीच संबंध 1995 से हैं। तब नितिन नबीन के पिता नवीन किशोर सिन्हा सक्रिय राजनीति में थे।

Tags:    

Similar News