नीतीश कुमार ही सीएम रहेंगे, अब बनेगी महागठबंधन की सरकार...राजद नेता के बयान से सियासी हलचल तेज

Bihar New CM : राजद ने कहा है कि बिहार में सांप्रदायिक शक्तियों को सरकार बनाने से महागठबंधन रोकेगा। जनता चाहती है कि नीतीश सीएम बने रहें।

Update: 2026-04-08 07:45 GMT

RJD Offer To Nitish Kumar: राजद ने नीतीश कुमार को बड़ा ऑफर दिया है। राजद के प्रधान महासचिव एवं विधायक रणविजय साहू ने आज कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा मत दीजिए। पूर्ण बहुमत रहेगा। संख्या बल की कमी नहीं होने देंगे। आपको महागठबंधन समर्थन करेंगे। प्रदेश की जनता चाहती है नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने रहें।

रणविजय साहू ने कहा कि नीतीश कुमार के चेहरे पर एनडीए को प्रचंड जीत मिला है। भाजपा अपना मुख्यमंत्री बनाने के लिए नीतीश को जबरदस्ती सीएम की कुर्सी से हटाना चाहती है। राज्यसभा सदस्य बनाकर दिल्ली ले जाकर उनकी राजनीति को खत्म करना चाहती है। नीतीश कुमार आगे बढ़ें। आंकड़े की कमी नहीं होगी।

भाजपा क्यों नीतीश कुमार को हटा रही?

राजद विधायक ने कहा कि बिहार में सांप्रदायिक शक्तियों को सरकार बनाने से महागठबंधन रोक देगा। जनता नीतीश कुमार के साथ, जनमत नीतीश के साथ तो फिर क्यों नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से भाजपा हटा रही है? अब नीतीश कुमार को तय करना है कि वो क्या फैसला लेंगे। हमलोगों ने रुख स्पष्ट कर दिया है। जनता चाहती है कि नीतीश कुमार सीएम बने रहें। जनता के लिए हमलोग नीतीश के समर्थन को तैयार हैं।

राजद से पहली बार आया ऐसा बयान

रणविजय साहू के इस तरह के बयान से बिहार का सियासी माहौल और गर्म हो गया है। पार्टी द्वारा पहली बार ऐसा बयान दिया गया है। रणविजय साहू का बयान ऐसे समय पर आया है, जब नीतीश कुमार दिल्ली रवाना होने वाले हैं। 10 अप्रैल को वह राज्यसभा सदस्य की शपथ लेंगे। वापस आकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उसके बाद प्रदेश में नई सरकार का गठन होना है। बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय है। अब राजद के ऑफर से नई हवा बहने लगी है।

Tags:    

Similar News