बिहार में बिकेगी शराब? बीजेपी नेता ने नई सरकार गठन से पहले दिया बड़ा बयान, पढ़िए क्या कुछ कहा
Bihar Government: बिहार में शराब की बिक्री को लेकर बीजेपी विधायक विनय बिहारी का कहना है कि कहीं बंदी नहीं है। पीने वाले पी रहे और मर रहे हैं। चाहे जी रहे हैं।
BJP On Liquor Ban: बिहार में शराबबंदी कानून पर पुनर्विचार की मांग हो रही है। एनडीए नेता कानून में संशोधन की मांग करते रहे हैं। इस बीच बीजेपी विधायक विनय बिहार ने बेतिया में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी नहीं है। यह बयान बुधवार का है। उनसे पूछा गया था कि अभी जहरीली शराब से मौत हुई है। इस पर विधायक विनय बिहारी ने कहा कि जब चोरी-छुपे शराब बनेगी, ऐसे लोग शराब बनाएंगे, जिनको शराब बनाने का अनुभव नहीं है तो पीने वाले पी ही रहे, मर रहे, चाहे जी रहे हैं।
उनसे पूछा गया कि नई सरकार बननी है, क्या लगता है शराब चालू हो जाएगी? इस पर उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से चालू हो जानी चाहिए। मेरे हिसाब से बंदी का प्रभाव नहीं है। ये राजतंत्र तो है नहीं, प्रजातंत्र है। मैं शराब पीता क्या छूता तक नहीं, लेकिन मैं जो देख रहा हूं कि इस शराबबंदी के नाम पर बिहार का जो राजस्व है, उसमें कमी आ रही। जो शराब पकड़ी जा रही है, वो धरती में दबाई जा रही है। धरती की उर्वरक शक्ति समाप्त हो रही है।
राजस्व भी आए और लोग भी परेशान न हों
विधायक ने कहा कि एक तरफ सेव अर्थ की बात करते और दूसरी ओर करोड़ों की शराब जमीनदोज कर देंगे तो क्या उससे जमीन की स्थिति ठीक रहेगी? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उचित है तो हो सकता है हमारी जानकारी कम हो, जहां तक मैं जानता हूं ये काम अच्छा नहीं है। शराबबंदी कानून को लेकर सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए। हम कैसे इस पर काम करें कि राजस्व भी आए और लोग भी परेशान न हों। हमारे पास इतनी पुलिस नहीं है। मैं जो सोचता हूं, देखता, हूं सरकार को विचार करना चाहिए। बता दें, विनय बिहारी पहले भी ऐसे बयान दे चुके हैं। यह बयान तब आया है, जब राज्यसभा के सदस्य के रूप में नीतीश कुमार शपथ लेने के लिए आज दिल्ली जाने वाले हैं।