पार्किंग विवाद में पिकअप चालक की काट दी गर्दन, भीड़ ने दुकानदार को भी पीट-पीटकर मार डाला, अररिया का यह वीडियो देखें
Araria Murder News : बिहार के अररिया जिले में पार्किंग विवाद में वाहन चालक की हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। आक्रोशित लोगों ने आरोपी दुकानदार को भी मार डाला। सड़क पर आगजनी की गई है।
Araria Murder In Parking Dispute: बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में पार्किंग विवाद में सत्तू बेचने वाले दुकानदार ने पिकअप ड्राइवर की गर्दन काट दी। इससे गुस्साए लोगों ने आरोपी दुकानदार राहुल चौहान को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर पीट-पीटकर मार डाला। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शी सुनील कुमार यादव ने बताया कि पिकअप ड्राइवर मंडी में सब्जी लेने आया था। प्रशासन से मांग है कि मामले में सही से जांच कर पिकअप ड्राइवर के परिवार को इंसाफ मिले।
पिकअप ड्राइवर की पहचान नबी हुसैन के रूप में हुई है। वह पास के गांव का रहने वाला था। नबी हुसैन के तीन बच्चे हैं। उसके बड़े भाई ने कहा कि मेरे भाई की किसी से दुश्मनी नहीं थी। वह यहां रोज सब्जी लेने आता था। कुछ लोग बता रहे कि आज सत्तू वाले से उसकी पिकअप खड़ा करने को लेकर झगड़ा हुआ था। उसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमें इंसाफ चाहिए।
सिर धड़ से अलग कर दिया
स्थानीय लोगों के मुताबिक पिकअप ड्राइवर और सत्तू बेचने वाले शख्स में गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान सत्तू बेचने वाले शख्स ने चाकू से ड्राइवर का सिर काट डाला। मृतक के गले पर इतना तेज वार किया कि उसका सिर धड़ से अलग हो गया। घटना बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सैकड़ों लोगों ने दुकानदार को घेर लिया और उसे तब पीटते रहे, जब तक उसने दम नहीं तोड़ दिया। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। उसके बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिहार के अररिया जिला में पार्किंग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने दूसरे की निर्ममता से हत्या कर दी,सिर धड़ से अलग कर दिया ..! उसके बाद लोगों ने हत्यारे को भी पीट-पीट कर मार डाला ..! पूरे जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है #Bihar #Araria pic.twitter.com/zzlhLxGGzh
— Mukesh singh (@Mukesh_Journo) April 9, 2026
पुलिस इलाके में कर रही मार्च
दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव की स्थिति है। पुलिस की कई टीम पूरे इलाके में पैदल मार्च कर रही है। कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया है, ताकि शांति व्यवस्था कायम रखा जा सके। वरीय पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर मौका-मुआयना कर चुके हैं। पुलिस को आशंका है कि इलाके की इस घटना को सांप्रदायिक रंग दिया जा सकता है, इसलिए इलाके में पुलिसबल की संख्या बढ़ाई दी गई है।