सम्राट चौधरी का भाजपा में ही भारी विरोध...भाजपा कार्यालय के बाहर सीएम बनाने वाले पोस्टर को पार्टी कार्यकर्ताओं ने ही फाड़ा, Viral Video देखें

Bihar New Chief Minister News: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दिल्ली चले गए। कल नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद पद की शपथ ले लेंगे। इधर, पटना में सम्राट चौधरी को सीएम बनाने की मांग वाले पोस्टर को भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही फाड़ दिया है।

Update: 2026-04-09 09:51 GMT

Samrat Choudhary Poster News: बिहार में नीतीश कुमार के बाद नए मुख्यमंत्री के रूप में सबसे आगे चल रहे नाम सम्राट चौधरी का उनकी ही पार्टी भाजपा में विरोध खुलकर सामने आया है। आज पटना में भाजपा कार्यालय के बाहर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाला पोस्टर लगाए जाने के एक घंटे बाद ही उसे भाजपा कार्यकर्ताओं ने फाड़ दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

भाजपा कार्यालय के बाहर वाल्मीकि समाज संघ ने यह पोस्टर लगवाए थे। इसमें सम्राट चौधरी को अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई थी। भाजपा के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने कहा कि पार्टी को इस पोस्टर के बारे में जानकारी नहीं है। पोस्टर किसने लगाया और किसने फाड़ा, उसकी जानकारी भाजपा को नहीं है। यह किसी बाहरी व्यक्ति का काम हो सकता है। पार्टी का इससे लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा अनुशासित पार्टी है। यहां किसी भी बड़े फैसले जैसे-मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार तय करने का निर्णय सामूहिक रूप से लिया जाता है।

गुटबाजी की अटकलों को मिली मजबूती

भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पोस्टर फाड़े जाने की घटना के बाद चर्चा तेज हो गई कि भाजपा में सम्राट चौधरी की मुख्यमंत्री की दावेदारी को लेकर मतभेद उभर रहे हैं। एक ओर जहां कुछ वर्ग उन्हें मुख्यमंत्री के लिए मजबूत दावेदार के रूप में प्रस्तुत कर रहे तो दूसरी ओर ऐसे पोस्टरों का विरोध पार्टी के अंदरूनी मतभेद को उजागर कर रहे।

भाजपा को पिछड़ा वर्ग की राजनीति नहीं चाहिए: राजद

राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि भाजपा के कर्मचारी से पोस्टर फड़वाया गया है। भाजपा में कितना अंतर कलह है, यह सामने आ गया है। पोस्टर फाड़ा जाना संकेत है कि इस पार्टी को पिछड़ा वर्ग का नेतृत्व नहीं चाहिए। भाजपा ने सम्राट चौधरी को बताया है कि आप डिप्टी सीएम हो या गृह मंत्री हों, पिछड़ा वर्ग की राजनीति करते हो, इसलिए आपको स्वीकार नहीं करते।

कोई असहमति नहीं है: नितिन नबीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज नए मुख्यमंत्री के बारे में कहा है कि कहीं कोई असहमति नहीं है। सबकुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है। नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा की शपथ लेंगे। भाजपा हमेशा से गठबंधन धर्म का अच्छे से पालन करती रही है।

Tags:    

Similar News