मध्य प्रदेश मौसम अलर्ट: भोपाल में झमाझम बारिश के साथ गिरे ओले, अगले 48 घंटे इन 8 जिलों के लिए भारी! मौसम विभाग ने जारी की नई चेतावनी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और गुजर रही ट्रफ लाइन के साथ-साथ पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
mp-weather-update : मध्य प्रदेश में एक बार फिर से मौसम ने करवट बदली है. भोपाल में झमाझम बारिश के साथ ओले गिरे है, वहीँ मध्यप्रदेश में अगले 48 घंटे कई जिलों के लिए भारी होने वाले हैं. मालूम हो की राजधानी भोपाल में गुरुवार सुबह तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश से दिन की शुरुआत हुई, वहीं कई जिलों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए ग्वालियर-चंबल अंचल के 8 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
गुरुवार को ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। बुधवार को रतलाम, श्योपुर, मुरैना, मंदसौर, नीमच, गुना समेत 20 से अधिक जिलों में कहीं तेज बारिश तो कहीं ओले गिरे। राजधानी भोपाल में दिन में धूप रही, लेकिन शाम ढलते ही बादल छा गए और देर रात मौसम ने करवट ले ली।
इसलिए बिगड़ा मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और गुजर रही ट्रफ लाइन के साथ-साथ पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। दो अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण तंत्र सक्रिय होने के कारण बादलों की आवाजाही बढ़ी है और कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को भी कुछ जिलों में छिटपुट वर्षा की संभावना बनी हुई है।
गौरतलब है की इस महीने की शुरुआत से ही प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है। दो बार पहले भी बारिश और ओलावृष्टि का असर फसलों पर पड़ा था, जिसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कराया गया। अब 18-19 फरवरी को तीसरी बार प्रदेश के कई हिस्से बारिश से भीग गए हैं।
दिन गर्म, रात में ठंडक बरकरार
हालांकि दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है और कई शहरों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, लेकिन रात और सुबह के समय हल्की ठंड का असर बना हुआ है। अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर है, जबकि कुछ स्थानों पर यह इससे नीचे भी दर्ज किया गया।कटनी जिले का करौंदी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पचमढ़ी, रीवा, उमरिया और खजुराहो में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज हुआ। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में रात का तापमान सामान्य से कुछ अधिक दर्ज किया गया।
शुक्रवार को भी 8 जिलों में अलर्ट
20 फरवरी, शुक्रवार के लिए भी मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी रखा है। शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में तेज हवा और वज्रपात की संभावना बताई गई है। गुरुवार की तुलना में प्रभाव का दायरा कुछ कम रहने का अनुमान है, लेकिन संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी जरूरी मानी गई है।
मौसम विभाग की आम जनता और किसानों को सलाह
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की स्थिति में दोपहर बाद और शाम के समय मौसम ख़राब हो सकता है. इसलिए खुले मैदान, ऊंचे पेड़, बिजली के खंभों और अस्थायी ढांचों से दूरी बनाए रखना जरूरी होता है। ग्रामीण इलाकों में फसल कटाई या भंडारण कार्य कर रहे किसानों को अलर्ट अवधि में मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।