MP News : ग्वालियर में पूर्व गृह मंत्री के नवग्रह पीठ कलश यात्रा कार्यक्रम में भगदड़ ! एक महिला की मौत कई घायल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ग्वालियर के डबरा में नवग्रह मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा करा रहे हैं. नवग्रह पीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान कलश वितरण में अव्यवस्था के चलते भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. पुलिस द्वारा एक गेट खोलकर अचानक बंद किए जाने से तीन-चार महिलाएं दब गईं.

Update: 2026-02-10 09:38 GMT

MP News :  मध्य प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कलश यात्रा के दौरान भगदड़ मचने से एक महिला की मौत हो गई. वहीँ कई महिलों के गंभीर रूप से घायल होने की भी बात सामने आई है. 


मालूम हो की भगदड़ की ये घटना ग्वालियर में नवग्रह पीठ के कलश यात्रा कार्यक्रम के दौरान हुई. मृतका का नाम रति साहू बताया जा रहा है. वो हनुमान कॉलोनी की रहने वाली थीं. हादसे में दो महिलाएं घायल हैं, जिनकी पहचान विमला और कला बाथम के रूप में हुई है. ये दोनों वार्ड 11 की रहने वाली हैं. 

कब और कहाँ हुई घटना 


पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ग्वालियर के डबरा में नवग्रह मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा करा रहे हैं. पूजा के इसी कार्यक्रम के तहत मंगलवार की सुबह कलश यात्रा निकाली जा रही थी. यात्रा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई और देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है. नवग्रह पीठ का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 10 से 20 फरवरी तक प्रस्तावित है. इसी क्रम में आज नगर में विशाल कलश यात्रा निकाली जानी थी. दोपहर 1 बजे कलश यात्रा निकलने की घोषणा थी, लेकिन महिलाएं सुबह करीब 9 बजे से ही स्टेडियम ग्राउंड पहुंचने लगीं. धीरे-धीरे महिलाओं की संख्या बढ़ती चली गई. जैसे ही कलश वितरण की शुरुआत हुई, भीड़ अनियंत्रित हो गई और अफरा-तफरी मच गई.

क्यों हुई घटना 


नवग्रह पीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान कलश वितरण में अव्यवस्था के चलते भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. पुलिस द्वारा एक गेट खोलकर अचानक बंद किए जाने से तीन-चार महिलाएं दब गईं. हादसे में घायल महिलाओं को तत्काल डबरा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां इलाज और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की कमी के चलते 70 वर्षीय रति साहू की मौत हो गई.




 परिजन का आरोप, क्या कहा पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने 


मृतका रति साहू की बहू रीना साहू ने आरोप लगाया है कि वह घटना के समय मौके पर मौजूद थीं और यह पूरा हादसा पुलिस की लापरवाही के कारण हुआ. उनका कहना है कि पुलिसकर्मियों ने गेट खोलकर अचानक बंद कर दिया, जिससे महिलाएं दब गईं. इसके बाद जब उन्हें डबरा सिविल अस्पताल लाया गया तो वहां डॉक्टरों और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था नहीं थी. समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण रति साहू करीब आधे घंटे तक तड़पती रहीं और अंततः उनकी मौत हो गई.

घटना के बाद परिजन शव को लेकर डबरा पुलिस थाने पहुंचे. यहां पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी. इस दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों और परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

Tags:    

Similar News