7 लोगों की जिंदा जलकर मौत: EV चार्जिंग से घर में आग लगने से हुआ हादसा, सिलेंडर ब्लास्ट से ढह गया मकान
इंदौर में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक कार में आग लग गई। यह आग घर तक फैल गई जिसकी चपेट में आकर एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
इंदौर 18 मार्च 2026, मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार तड़के बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक इलेक्ट्रिक कार में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। यह आग तीन मंजिला मकान तक फैल गई और घर में रखे सिलेंडर ब्लास्ट हो गए, जिसकी चपेट में आकर एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना तिलक थाना क्षेत्र में हुई है।
कब और कैसे हुई घटना ?
तिलक थाना क्षेत्र के बंगाली चौराहे पर स्थित बृजेश्वरी कॉलोनी बुधवार सुबह 4 बजे आग, ब्लास्ट और चीख पुकार से दहल उठा। दरअसल,चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक कार में लगी आग तीन मंजिला मकान तक फैल गई, जिसकी चपेट में आकर एक ही परिवार के 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई और तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
मृतकों और घायलों की हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान विजय सेठिया (65), छोटू सेठिया (22), सुमन (60), मनोज (65), सिमरन (30), राशि सेठिया (12) और टीनू (30) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में सौरभ पुगलिया (30), आशीष (30) और हर्षित पुगलिया (25) शामिल है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एक के बाद एक कई सिलेंडर हुए ब्लास्ट
पुलिस के मुताबिक, पुगलिया परिवार के घर के बाहर मंगलवार देर रात एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी। बुधवार सुबह 4 बजे चार्जिंग पॉइंट में शार्ट सर्किट हुआ, जिससे कार में आग लग गई। आग तेजी से तीन मंजिला मकान तक पहुंच गई और मकान में रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। एक के बाद एक करके कई सिलेंडर फट गए, जिसके कारण मकान का एक हिस्सा ढह गया।
घर में कैसे लॉक हुआ पूरा परिवार ?
बताया जा रहा है कि मकान में इलेक्ट्रिक लॉक लगे थे। आग के कारण बिजली सप्लाई बंद होने से ये लॉक खुल नहीं पाया और पूरा परिवार मकान के अंदर ही लॉक हो गया। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह से दरवाजा को तोड़ा, लेकिन तब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी थी और 3 लोग गंभीर रूप से घायल मिले। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।