कार में जिंदा जला व्यक्ति: पास की दुकान में भी लगी आग, जानिए मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती कैसे बनी मौत की वजह
टाटा सूमो में आग लगने से एक व्यक्ति जिंदा जल गया। मच्छर अगरबत्ती से टाटा सूमो में आग लग गई और पास की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
जबलपुर 14 मार्च 2026, मध्यप्रदेश के जबलपुर में शनिवार सुबह कार में आग लगने से व्यक्ति जिंदा जल गया। व्यक्ति कार के अंदर मच्छर भगाने के लिए अगरबत्ती जलाकर सोया था तभी आग भड़क उठी और आग की लपटों ने पास की दूकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने भी मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। यह घटना सिहोरा थाना क्षेत्र की है।
कैसे हुई ये पूरी घटना ?
सिहोरा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक टाटा सूमो में आग लग गई और टाटा सूमो के अंदर सो रहे एक व्यक्ति की भी मौत हो गई। वहीं आग ने पास की ही एक दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति टाटा सूमो में मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती जलाकर सोया था और गाड़ी के अंदर रखे कचरे की वजह से आग लग गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरु कर दी है।
कैसे लगी कार में आग ?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक लावारिस था और टाटा सूमो में ही रहता, खाता-पीता था। टाटा सूमो में कूड़ा-कचरा और पन्नी इकट्ठा कर रखता था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मृतक शुक्रवार रात टाटा सूमो में मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती जलाकर सोया रहा होगा और कूड़ा-कचरा की वजह से आग भड़क उठी होगी, जिसकी चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
शनिवार सुबह लोगों ने टाटा सूमो और पास के ही दुकान में आग लगा देखा, तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। इसके बाद उसके शव को टाटा सूमो से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी।