प्यार, टकराव और बुलडोज़र का कहर: ग्वालियर में Love Marriage की सज़ा बड़े भाई को!

ग्वालियर में प्रेम विवाह से भड़का बवाल, बड़े भाई का मकान जेसीबी से ढहाया। डरा परिवार पांच महीने बाद पहुंचा थाने।

Update: 2026-02-26 10:50 GMT

प्यार किया… शादी की… और उसके बाद शुरू हुआ ऐसा तूफान, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को बेघर कर दिया। ग्वालियर में प्रेम विवाह की सजा बड़े भाई को अपने ही घर का मलबा बनते देखकर चुकानी पड़ी। देर रात गालियां, धमकी और फिर जेसीबी का कहर... कुछ ही मिनटों में तीन कमरों का मकान जमीन पर ढेर हो गया।

यह सिर्फ लव मैरिज की कहानी नहीं… यह इज्जत, गुस्से और बदले की आग में झुलसते रिश्तों की कहानी है। मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने प्यार, बदले और कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां छोटे भाई की प्रेम कहानी का खामियाजा बड़े भाई को अपना घर तुड़वाकर चुकाना पड़ा!

कब और कैसे शुरू हुई कहानी?

घाटीगांव थाना क्षेत्र के घेघोली गांव निवासी वनिया सिंह गुर्जर (38) के छोटे भाई रामलखन सिंह गुर्जर को पास के गांव सिरोली की किरण गुर्जर से प्यार हो गया। दोनों ने समाज की परवाह किए बिना भागकर शादी कर ली। यह शादी दोनों की मर्जी से हुई, लेकिन लड़की के पिता गिर्राज सिंह गुर्जर को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। बताया जा रहा है कि प्रेम विवाह की खबर मिलते ही लड़की के परिवार में आक्रोश फैल गया। गिर्राज गुर्जर को यह बात इतनी नागवार गुज़री कि उन्होंने इसे “इज्जत” का सवाल बना लिया।

कैसे टूटा घर?

9 सितंबर 2025 की देर रात, गिर्राज गुर्जर कुछ लोगों के साथ जेसीबी लेकर पहुंचे। पहले गालियां दीं, धमकाया  और जब विरोध हुआ तो गांव से और लोगों को बुला लिया। इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे गांव को दहला दिया. तीन कमरों का पक्का मकान, आंगन, घर का सारा सामान सब पर जेसीबी चला दी गई। देखते ही देखते घर मलबे में बदल गया। परिवार जान बचाकर भागा।

पांच महीने तक खौफ में जिंदगी

हमले के बाद पीड़ित परिवार इतना डरा हुआ था कि गांव छोड़कर इधर-उधर भटकता रहा। उनका कहना है कि आरोपी उनका पीछा कर रहे थे, इसलिए वे थाने नहीं जा सके। हालांकि पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिवार सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

पांच महीने बाद दर्ज हुआ केस

अब, करीब पांच महीने बाद, परिवार ने हिम्मत जुटाई और घाटीगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी गिर्राज गुर्जर और उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और तलाश शुरू कर दी है।



Tags:    

Similar News