MP News: पूर्व CM उमा भारती सड़क पर क्यों बेचने लगीं पोहा-जलेबी? जानें इस वायरल वीडियो की असली वजह
Uma Bharti Poha Jalebi: मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती का टीकमगढ़ में पोहा-जलेबी बेचते हुए वीडियो वायरल है। गरीबों के ठेले हटाने (अतिक्रमण अभियान) के खिलाफ उन्होंने यह अनोखा विरोध जताया है।
Uma Bharti Poha Jalebi: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज बीजेपी नेता उमा भारती ने टीकमगढ़ में अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ अनोखा विरोध किया है। उमा भारती मंगलवार को सिविल लाइन रोड पर ठेले वालों के सपोर्ट में खुद सड़क किनारे पोहा और जलेबी बेचती नजर आईं। उन्होंने प्रशासन की इस कार्रवाई को तानाशाहीपूर्ण बताते हुए गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी वापस दिलाने की मांग की है।
अतिक्रमण अभियान के खिलाफ सड़क पर उतरीं उमा भारती
टीकमगढ़ नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन ने सोमवार को सिविल लाइन रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया था। एसडीएम और तहसीलदार की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से सड़क किनारे लगे छोटे ठेले और गुमटियां हटा दी गई थीं। प्रशासन के इस एक्शन से स्थानीय छोटे दुकानदारों के रोजगार पर सीधा असर पड़ा है जिसके विरोध में पूर्व मुख्यमंत्री को खुद सड़क पर उतरना पड़ा।
ठेले वालों को सपोर्ट कर प्रशासन को दी चेतावनी
पूर्व सीएम उमा भारती मंगलवार सुबह अपने सिविल लाइन स्थित बंगले से निकलकर सीधे इन ठेले वालों के पास पहुंचीं। उमा भारती ने अपना विरोध जताने के लिए एक ठेले पर खड़े होकर खुद पोहा और जलेबी बेचना शुरू कर दिया, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। उन्होंने दुकानदारों का सपोर्ट करते हुए उनसे दोबारा उसी जगह पर अपने ठेले लगाने को कहा है। उमा भारती ने अधिकारियों से अपील की है कि वे गरीब विक्रेताओं की रोजी-रोटी न छीनें।
सीएम और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से की चर्चा
बीजेपी की सीनियर नेता उमा भारती ने चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में दोबारा ऐसी कार्रवाई की गई तो वह इसका खुलकर विरोध करेंगी। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर नगर पालिका अधिकारियों से चर्चा करने के साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से भी बात की है। उमा भारती की मांग है कि इन छोटे व्यापारियों को उनके तय स्थान पर ही अपना काम करने दिया जाए ताकि उनके परिवारों का भरण-पोषण हो सके।