Homemade Hair Mask : घर में उपलब्ध चीज़ों से इस तरह बनाइए हेयर मास्क, मिलेगा बालों की हर समस्या का समाधान...

Update: 2023-08-19 06:42 GMT

Homemade Hair Mask

Homemade Hair Mask : रायपुर। अगर आपके बाल घने, शाइनी और खूबसूरत हों तो पक्के तौर पर आपका रूप निखरता है और आपका काॅन्फिडेंस भी बढ़ता है। लेकिन बढ़ते तनाव, प्रदूषण और केयर में कोताही का नतीजा झड़ते और रूखे -बेजान बालों के रूप में मिल सकता है। इसलिए बिना देर किए अपने बालों के लिए थोड़ा सा समय वीकेंड पर निकालिए। इसके लिए न आपको ट्रीटमेंट या स्पा लेने मंहगे पार्लर में जाने की ज़रूरत है और न ही तथाकथित अच्छे असर वाले महंगे प्रोडक्ट खरीदने की। आप अपने घर में रखी चीज़ों से ही आसानी से हेयर मास्क बना सकते हैं और मात्र तीन-चार हफ्तों के भीतर फ़र्क देख सकते हैं। हम यहां बालों की अलग-अलग समस्याओं के लिए कुछ मास्क बता रहे हैं। देखिए आपको किसकी ज़रूरत है।

1. हेयल फाॅल रोकने के लिए

बेसन का मास्क

एक कटोरी बेसन में आधा कटोरी पानी मिला लें। अब इसे अपने बालों में लगा कर आधे घंटे के लिए छोड़ दें। आपको तो पता ही होगा कि बेसन सूखने के बाद सख्त हो जाता है। इसलिए सूखे रहते इसे निकालने का प्रयास न करें। बल्कि धीरे-धीरे पानी डालते हुए बाल साफ कर लें। बेसन बालों को पोषण देगा और स्केल्प की सफाई भी करेगा।

दही और अंडे का हेयर मास्क

आमतौर पर यह सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला हेयर मास्क है। लेडीज़ इसे अक्सर यूज़ करती हैं। इसके लिए एक कटोरी में एक अंडा लीजिए। अब इसमें 3-4 चम्मच दही और दो चम्मच ऑलिव ऑइल डालिए। सभी चीज़ों को अच्छी तरह मिक्स करें। स्केल्प और पूरे बालों पर ब्रश से लगाएं। आधे घंटे का रेस्ट दें फिर सादे पानी से बाल धो लें।

2. रूखे बालों के लिए

हनी+ऑइल हेयर मास्क

एक कटोरी में एक टेबलस्पून शहद लें। इसमें कोकोनट या ऑलिव ऑइल मिलाएं। इसे बालों की जड़ों से लेकर पूरी लंबाई में लगाएं। एक घंटे बाद माइल्ड शैंपू से धो लें।

हनी+ एग हेयर मास्क

एक कटोरी में एक अंडा तोड़कर डालें। इसमें तीन बड़े चम्मच शहद मिक्स करें और बालों पर लगाएं। आधे घंटे बाद शैंपू से धो लें। शहद से बने हेयर मास्क आपके बालों की खोई नमी लौटाते हैं।

3. ऑयली बालों के लिए होममेड हेयर मास्क

मुल्तानी मिट्टी का हेयर मास्क

इसके लिए आप एक बड़े बाउल में 3 चम्मच मुल्तानी मिट्टी लें और इसमें एक कप पानी डालें। अच्छे से घोल कर दो घंटे के लिए छोड़ दें। अब इसमें 2 चम्मच दही, 2 चम्मच गुलाब जल और तीन चम्मच रीठा पाउडर मिलाएं। आधे घंटे के लिए मिश्रण को छोड़ दें ताकि सभी चीज़ों के गुण आपस में अच्छी तरह मिल जाएं। अब इसे अपने बालों पर लगाएं और आधे घंटे लगे रहने दें। बाद में गुनगुने पानी से बाल धो लें।

ऐलोवेरा + दालचीनी हेयर मास्क

आप दो चम्मच ऐलोवेरा जेल में आधा चम्मच दालचीनी का पाउडर मिलाएं और अपने स्केल्प व बालों पर लगाएं। 20 मिनट बाद हर्बल शैंपू से बाल धो लें।

4. डेंड्रफ से मुक्ति पाने के लिए

विनेगर हेयर मास्क

आप ज़रूरत अनुसार विनेगर लेकर इसे थोड़े से पानी में मिलाएं और अपनी स्केल्प पर लगाएं। सूखने पर सादे पानी से धो लें। आप इस हेयल मास्क को डेंड्रफ से मुक्ति पाने तक रोज़ाना इस्तेमाल कर सकते हैं।

Full View

Tags:    

Similar News