प्रशासन का खौफ नहीं: बिना डॉक्टरी पर्ची के मेडिकल दुकान बेच रहे नशे के दवाएं, तीन का लाइसेंस निलंबित
Medical Dukan News: उन दवाओं को बिना डॉक्टर की पर्ची के बेचना प्रतिबंधित है, जिनका दुरुपयोग नशे के लिए किया जा सकता है। प्रदेश में कुछ जगहों पर मेडिकल दुकान संचालक इस नियम को रद्दी की टोकरी में डाल कर काम कर रहे हैं। ऐसे ही एक जिले में अचानक की गई जांच में गड़बड़ी पकड़ी गई है और तीन दुकानों का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया।
Medical Dukan News: कोरबा। जिले में एकाएक की गई जांच में कुछ मेडिकल दुकानों में भारी गड़बड़ी मिली है। वहां दवाएं बेचते वक्त नियमों कापालन नहीं किया गया और उन दवाओं को बिना डॉक्टरी पर्ची के बेच दिया गया, जिनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा सकता है। इससे साफ है कि मेडिकल दुकान संचालक बेधड़क गलत तरीके से व्यापार कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ सहित देशभर में नींद की गोलियों समेत कुछ दवाओं को बिना डॉक्टरी सलाह के नहीं खाने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा कुछ दवाओं के सेवन से नशा छा जाता है, इसका भी उपयोग केवल बीमारी के उपचार में किया जाता है। बार- बार चेतावनी के बाद भी कोरबा जिले में मेडिकल दुकानों के संचालक इसके प्रति गंभीर नहीं हो रहे हैं।
जिले के औषधि निरीक्षकों ने कोरबा के मेडिकल स्टोर्स में बिना प्रिस्क्रीपसन के प्रतिबंधित नशीली दवाओं के स्टॉक की जांच की है। हरदी बाजार स्थित अन्नपूर्णा मेडिकल स्टोर्स, पाली स्थित जीके मेडिकल स्टोर्स, बालको स्थित मिश्रा मेडिकल स्टोर्स, ओम सांई मेडिकल गोढी, भैसमा स्थित मेनन मेडिकल, जायसवाल मेडिकल, मोनिशा मेडिकल स्टोर्स, प्रिशा मेडिकल ढेलवाडीह, सोहागपुर स्थित गर्वित मेडिकल स्टोर्स और छुरी स्थित मारूति मेडिकल स्टोर्स की जांच की गयी। जांच में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आ गई।
इसके बाद सभी संबंधित मेडिकल दुकान संचालकों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया था। बताते हैं इनमें खरीदी- बिक्री का ब्यौरा भी व्यवस्थित नहीं रखा गया था। जिन संस्थानों की जांच की गई उनमें से हरदी बाजार स्थित अन्नपूर्णा मेडिकल स्टोर्स, पाली स्थित जीके मेडिकल स्टोर्स और सोहागपुर स्थित गर्वित मेडिकल स्टोर्स के द्वारा प्रस्तुत नोटिस का जवाब संतोषप्रद नहीं पाया गया। इसके बाद तीनों मेडिकल स्टोर्स का लाइसेंस का निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान फर्म से औषधियों का क्रय- विक्रय नहीं किया जाएगा। बाकी मेडिकल स्टोर्स का जवाब नहीं मिला है, इसके बाद उन पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
नमूने भी लिए गए
निरीक्षण के दौरान जांच हेतु कोसबाडी, मडवारानी और ढेलवाडीह कटघोरा स्थित मेडिकल स्टोर्स से औषधियों के नमूने भी जिलए गए हैं। इसे जांच और परीक्षण के लिए राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट के अनुसार संबंधित मेडिकल स्टोर्स पर कार्रवाई की जाएगी।