घी बेचने वाली ने की लाखों की ठगी: नकली सोने की बिस्किट के बदले ले उड़ी कैश और जेवर, जानिए किस तरह लगाया चूना

घी बेचने वाली ने अपने साथियों के साथ मिलकर नकली सोने की बिस्किट देकर असली सोने के गहने समेत लाखों रुपए नगद ठग लिए। पुलिस ने इस मामले में 4 ठगों को गिरफ्तार किया है।

Update: 2026-03-19 11:49 GMT

npg.news

अंबिकापुर 19 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। घी बेचने वाली ने अपने साथियों के साथ मिलकर नकली सोने की बिस्किट देकर असली सोने के गहने समेत लाखों रुपए नगद ठग लिए। पुलिस ने इस मामले में 4 ठगों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 20 लाख नगद, सोने का कड़ा और मोबाइल सहित 37 लाख का सामान जब्त किया है। यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, प्रार्थी ने कोतवाली थाना में 8 मार्च को शिकायत दर्ज कराई गई कि मंजू नाम की एक महिला उसके घर में पिछले 7-8 साल से घी बेचने  आती थी और होली के पहले वह नकली सोने की बिस्किट लेकर उसके घर आई और कहा कि उसके घर में शादी है, तो इस सोने के बिस्किट का गहना बना दिजिए। होली के बाद 7 मार्च को मंजू अपने दो साथियों के साथ दोबारा उसके घर पहुंची और उसे जल्द शादी का झांसा दिया। 

कैसे हुआ ठगी का खुलासा ?       

इस दौरान आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि उनका सोना ज्यादा है, जिसके बदले प्रार्थी ने भी अपनी बेटी की शादी के लिए बनवा कर रखे लगभग 200 ग्राम जेवर टॉप्स, कंगन, हार, अंगूठी और 15 लाख नगद दे दिए। उनके जाने के बाद जब प्रार्थी ने सोने की बिस्किट सोनार से जांच कराया, तो वह नकली निकला। इसके बाद उसे अपने साथ हुए ठगी का ऐहसास हुआ। 

आरोपियों पर कौन सी धारा लगी ?  

प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 151/26 धारा 318(4),61(2),3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए DIG और SSP सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा,पु,से) ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मशरुका जब्त करने के निर्देश दिए।         

गुजरात और प्रयागराज से 4 आरोपी गिरफ्तार  

सीसीटीवी फूटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम गुजरात पहुंची, जहां से दो आरोपियों मंजू राठौर और संतोष राठौर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उनके पास से 7.78 लाख रुपए नगद और एक सोने का कडा बरामद किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि अन्य आरोपी प्रयागजार में है, जिनके पास बाकी राशि और गहने है। इसके बाद टीम प्रयागराज पहुंची और सुनीता गुजराती के साथ ही कमला गुजराती को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 12.53 लाख नगद और 50 ग्राम का एक सोने का कडा बरामद किया।

आरोपियों से कितने का सामान हुआ बरामद ?  

इस तरह से टीम ने चारों आरोपियों मंजू राठौर (44), संतोष राठौर (45), सुनीता गुजराती (35) और कमला गुजराती (45) के पास से कुल मिलाकर 20.31 लाख नगद, करीब 100 ग्राम सोना और 4 मोबाइल सहित 37 लाख का सामान बरामद किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड में लेकर जेल भेज दिया गया।

Tags:    

Similar News