Raipur Crime News: कमिश्नरेट पुलिस का एक्शन, 85 बदमाशों की ली परेड, दी गई अंतिम चेतावनी, अब ड्रोन की नजरों से नहीं बच पाएंगे अपराधी
Raipur Crime News: रायपुर कमिश्नरेट पुलिस इन दिनों एक्शन मोड पर है। पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए 85 बदमशों की परेड ली।
Raipur Crime News: रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन में पुलिस ने आज 85 बदमाशों की परेड ली। इस दौरान अपराधियों में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम ने सभी बदमाशों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अगर किसी भी अपराध में उनका नाम आया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अब उनके उपर ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है।
राजधानी रायपुर के पश्चिम क्षेत्र में अपराध की जड़ें खोदने और अपराधियों के मन में कानून का डर बिठाने के लिए गुंडा बदमाशों की परेड ली गई। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) के कड़े तेवरों के बाद, पूरे क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध अभियान छेड़ा गया।
बदमाशों की 'हाजिरी'
पश्चिम क्षेत्र के सभी थानों पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेन्द्र नगर, मुजगहन और टिकरापारा-में एक साथ कार्रवाई की गई।
रिकॉर्ड परेड
85 से अधिक सूचीबद्ध निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों को थानों में तलब कर उनकी कड़ी परेड ली गई।
अंतिम चेतावनी
पुलिस ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि अपराध की राह नहीं छोड़ी, तो सलाखों के पीछे ही उनकी जगह होगी।
अभियान के दौरान सक्रिय पाए गए 3 आदतन बदमाशों को तत्काल गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल भेजने की तैयारी की गई।
तीसरी आंख' की पहरेदारी
पुलिस ने इस बार केवल जमीन पर ही नहीं, बल्कि आसमान से भी अपराधियों की घेराबंदी की। "ड्रोन सर्विलांस और कॉम्बिंग गश्त" के जरिए बी.एस.यू.पी. कॉलोनियों और वाल्मीकि नगर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को खंगाला गया।
ड्रोन की मदद से संकरी गलियों और संदिग्ध ठिकानों की निगरानी की गई, जिससे अपराधियों में यह संदेश गया है कि अब वे पुलिस की नजरों से छिप नहीं पाएंगे।
निरंतर जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट कहा कि यह केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है। रायपुर की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी। इस तरह के आकस्मिक अभियान और तकनीकी निगरानी भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।