रायपुर में 10 टन सरिया घोटाला: ट्रांसपोर्टर-ड्राइवर-कबाड़ी गैंग का पर्दाफाश, 1 करोड़ का माल जब्त
TMT सरिया में हेरफेर कर 6.21 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने इस मामले में ट्रांसपोर्टर, वाहन चालक और कबाड़ी सहित चार आरोपी को गिरफ्तार किया है
npg.news
रायपुर 22 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में निर्माण सामग्री की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। यहां महिला हॉस्टल निर्माण के लिए मंगाए गए TMT सरिया में हेरफेर कर 6.21 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने इस मामले में ट्रांसपोर्टर, वाहन चालक और कबाड़ी सहित चार आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 1 करोड़ 86 लाख 81 हजार रुपए का सामान जब्त किया गया है। यह पूरा मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
मेसर्स श्रीजीकृपा प्रोजेक्ट लिमिटेड के मैनेजर ने 20 मार्च को मंदिर हसौद थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि नवा रायपुर सेक्टर 16 में बन रहे महिला हॉस्टल के लिए ठेकेदार फर्म एस के पी एल ने OFB टेक से TMT सरिया ट्रेलर के जरीए मंगाया था, लेकिन रास्ते में ट्रांसपोर्टर और चालक ने मिलीभगत कर ट्रेलर के डाले में हेरफेर कर 10 टन सरिया गायब कर दिया।
टीम ने की छापेमारी
शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 61,112 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लम्बोदर पटेल उप पुलिस अधीक्षक माना के नेतृत्व में थाना प्रभारी मंदिर हसौद और अन्य स्टाफ की टीम ने सोनडोंगरी स्थित ट्रांसपोर्टर कृष्ण लॉजिस्टिक कंपनी के दफ्तर में छापा मारकर ट्रांसपोर्टर और ड्राइवर राजू सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि चोरी का सरिया खमतराई क्षेत्र के कबाड़ी रूपेश सिंह के यार्ड में खपाया जा रहा था।
1.86 करोड़ का सामान जब्त
इसके बाद टीम ने कबाड़ी के ठिकाने पर रेड मारकर लगभग 9 मीट्रिक टन सरिया बरामद किया। साथ ही मौके से 3 ट्रक ट्रेलर, 2 हाइड्रा क्रेन, पिग आयरन और तौल मशीन भी जब्त की। जब्त सामान की कुल कीमत 1 करोड़ 86 लाख 81 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने फरार एक अन्य ट्रांसपोर्टर अमनदीप सैनी को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, कबाड़ी यार्ड में भारी मात्रा में अन्य संदिग्ध सामान मिलने पर आगे की जांच के लिए खमतराई थाना पुलिस को सूचना दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी-
ट्रांसपोर्टर राजू सिंह (48), निवासी अशोक विहार थाना खमतराई रायपुर
वाहन चालक चुम्मन साहू (37), निवासी गोगांव मंदिर गुढ़ियारी
कबाड़ी संचालक रूपेश सिंह (34), निवासी सीता नगर गोगांव थाना गुढ़ियारी रायपुर
ट्रांसपोर्टर अमनदीप सिंह (28), निवासी सनडोंगरी बालाजी ग्रीनसिटी, मकान नंबर 505 , थाना कबीर नगर, रायपुर