दुल्हन बनने से पहले मौत को लगाया गले: जोधपुर की टीचर बहनों ने क्यों खाया जहर? मोबाइल कॉल डिटेल खोलेगी राज
Jodhpur Sisters Suicide: जोधपुर में दो टीचर बहनों ने आत्महत्या कर ली है। दुल्हन बनने से पहले ही उन्होंने मौत को गले लगा लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौकाने वाला खुलासा हुआ है।
फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
जोधपुर 23 फरवरी 2026, राजस्थान के जोधपुर में शनिवार सुबह दो टीचर बहनों ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने अपनी शादी के चंद घंटे पहले ही ये आत्मघाती कदम उठाया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर खाकर आत्महत्या करने की पुष्टी हुई है, लेकिन उन्होंने किन कारणों से आत्महत्या की है इसका खुलासा नहीं हुआ है। यह पूरा मामला सूरसागर थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
सूरसागर थाना क्षेत्र के मणाई गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो सगी बहनों ने आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात ये है कि उन्होंने अपनी शादी से कुछ ही घंटे पहले ये आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने जब दोनों बहनों के शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया, तो रिपोर्ट में जहर खाकर आत्महत्या करने की पुष्टी हुई। हालांकि ये पता नहीं चल पाया है कि उन्होंने ऐसा क्यों किया।
डोली से पहले उठी अर्थी
जानकारी के मुताबिक, दोनों बहनें शेभा (25), विमला (23) मणाई गांव में रहती थी और एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थी। बताया जा रहा है कि दोनों बहनों की शादी तय हो गई थी, शनिवार को बारात आनी थी। शुक्रवार की रात घर में नाच-गाना चल रहा था, तभी दोनों बहनें सोने चली गई और शनिवार सुबह 4 बजे उनकी तबीयत खराब हो गई। दोनों को परिजन जब अस्पताल लेकर पहुंचे, तो डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चोरी छिपे अंतिम संस्कार की तैयारी में थे परिजन
परिजन बिना पुलिस को जानकारी दिए शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे, लेकिन उनके मामा जसवंत सिंह ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर खाकर आत्महत्या करने की पुष्टी हुई, लेकिन मौके से किसी भी तरह का कोई जहरीला पदार्थ नहीं मिला है।
परिवार वालों पर क्या आरोप लगे ?
इधर मृतका के मामा जसवंत सिंह ने परिवार वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी दोनों भांजियां इस रिश्ते से खुश नहीं थी और उनपर शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा था। साथ ही उसने उनके जीजा के भाई पर सगाई के लिए दबाव बनाने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप भी लगाया है।
कॉल डिटेल्स और चैट से खुलेगा राज पुलिस ने दोनों बहनों के मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसके बाद कॉल डिटेल्स, चैट और सोशल मीडिया एक्टिविटी की जांच की जाएगी। वहीं युवतियों के पिता दीपसिंह (49) से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। कॉल डिटेल्स और चैट से मामले का खुलासा होने की संभावना है।
आत्महत्या के लिए उकसाने पर कौन सी धारा लगती है ?
अगर आपके भी मन में ये सवाल आ रहा है कि भारत में किसी को आत्महत्या के लिए उकसाने या फिर आत्महत्या में मदद करने पर कौन सी धारा लगती है और क्या सजा मिलती है, तो बता दें कि आत्महत्या के लिए उकसाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया जाता है। इसके तहत आरोपी को 10 साल तक की सजा के साथ जुर्माना भी देना पड़ सकता है।