Surajpur News: CG में मां बनी हैवान...खाना बनाते वक्त लगातार रो रहा था बच्चा, गुस्से में मां ने चार माह के मासूम को जमीन पर पटका, मौत
Surajpur News: छत्तीसगढ़ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक निर्दयी मां ने अपने ही चार माह के मासूम की पटक कर हत्या कर दी।
Surajpur News: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर आप भी सिहर उठेंगे। बेरहम मां ने अपने ही दुधमुंहे बच्चे को जमीन पर पटक कर मौत की नींद सुला दिया। मासूम का कसूर इतना था कि वो लगातार रो रहा था। इस बात से गुस्साई मां ने अपने कलेजे के टुकड़े को जमीन पर पटक दिया। घटना में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र की
दरअसल, यह घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जयपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त महिला अपने घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान चार माह का मासूम लगातार रो-रहा था। बच्चे की रोने की आवाज से गुस्साई मां ने बच्चे को बिस्तर से उठाया और सीधे जमीन पर पटक मारा।
इस घटना में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। दिल दहला देने वाली घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई तो हड़कंप मच गया। परिजन बच्चे को मृत देख चीखने-चील्लाने लगे। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को पकड़ा गया।
बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर थाने लाया। बच्चे की मौत के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। क्षेत्र में हर कोई इस घटना को लेकर चर्चा कर रहा है। साथ ही सोचने में मजबूर हैं कि एक मां ऐसा कैसे कर सकती है?
फिलहाल, पुलिस महिला को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना के संबंध में परिजनों से पूछताछ भी की जा रही है।