रायपुर में युवती से दुष्कर्म: सोशल मीडिया पर हुई थी जान पहचान, फिर शादी का झांसा देकर बनाया हवस का शिकार
Raipur Rape Case: युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी आशीष मसीह को पुलिस ने अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है।
रायपुर 25 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस को युवती से दुष्कर्म के मामले में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आज बुधवार को आरोपी आशीष मसीह को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है, जिसने युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था और शादी का दबाव बनाने पर फरार हो गया था। यह पूरा मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने 4 जुलाई 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर उसकी पहचान आरोपी आशीष मसीह से हुई थी। सोशल मीडिया पर दोनों के बीच नंबर एक्सचेंज हुए और उनकी नजदीकियां बढ़ गई। इस दौरान आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और 11 मार्च 2025 से लेकर 15 मई 2025 तक उसके किराए के मकान में उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाया।
आरोपी पर कौन सी धारा लगी ?
वहीं जब पीड़िता ने उसपर शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया और फरार हो गया, जिसके बाद पीड़िता ने 4 जुलाई 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भी पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की घारा 69 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु की।
कैसे और कहां से पकड़ाया आरोपी ?
आरोपी की तलाश के लिए न्यू राजेंद्र नगर की पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। इसके बाद तकनीकी आधार पर आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद में लोकेट किया गया, जिसके बाद टीम को अहमदाबाद रवाना किया गया और आरोपी आशीष मसीह को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे 25 मार्च को रायपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
आशीष मसीह पिता कैलाश कुमार मसीह उम्र 25 साल, निवासी, वार्ड क्रमांक 5, रामनगरी, रहली खास, रहली खास थाना, जिला सागर (मध्यप्रदेश)।
16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म
बता दें कि इससे पहले रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र से दुष्कर्म का एक मामला सामने आया था, जहां एक आरोपी ने 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म किया था। आरोपी 15 जनवरी को नाबालिग को डरा धमका कर दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर फरार हो गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी खड़ाराजू उर्फ राजू सेन उर्फ रेमंड को 18 मार्च को ओड़िशा से गिरफ्तार कर लिया था।
कैसे और कब बनाया हवस का शिकार
पीड़िता की थाने में दी शिकायत के मुताबिक, 15 जनवरी को आरोपी खड़ाराजू उर्फ राजू सेन दोपहर एक बजे 16 वर्षीय पीड़िता के पास आया और कहा कि तुम्हारी दीदी बुला रही है। इसके बाद आरोपी ने अपनी स्कूटी में पीड़िता को बैठाकर अपने साथ सड्डू स्थित अपने घर ले गया। यहां पर आरोपी ने डरा-धमका कर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को वहीं छोड़कर फरार हो गया था।
कब और कहां से गिरफ्तार हुआ आरोपी
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस जब आरोपी को पकड़ने के लिए उसके घर पहुंची तो आरोपी फरार मिला। आरोपी की तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी। इसी बीच आरोपी का लोकेशन ओडिशा के धरमगढ़ में मिला। पुलिस की टीम ओडिशा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में अपराध धारा 296,351(2),115(2),137(2), 64,127(2), 3(5) बीएनएस एवं 04 पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज है। आरोपी को 18 मार्च को न्यायालय में पेश कर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।