Dr Raman Singh: स्पीकर रमन सिंह की सर्जरीः CM विष्णुदेव साय ने 'X' के जरिये दी जानकारी, बोले...स्वस्थ्य हैं पूर्व CM

Dr Raman Singh: छत्तीसगढ़ के लगातार 15 साल मुख्यमंत्री रहे डॉ0 रमन सिंह स्लिप डिस्क की समस्या से परेशान हैं। मुंबई में इसकी सर्जरी की गई है। वे अब स्वस्थ्य बताए जा रहे हैं।

Update: 2024-03-27 09:25 GMT

Dr Raman Singh: रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की मुंबई में सर्जरी हुई है। सर्जरी के बाद वे स्वस्थ्य बताए जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री विधानसभा चुनाव के बाद से स्लिप डिस्क की समस्या से परेशान हैं। स्थिति इतनी खराब हो गई थी, कई दिन तक वे बेड पर रहे। बाद में वे वॉकर के सहारे चलना शुरू किए। विधानसभा के बजट सत्र की कार्रवाई में भी वे वॉकर के सहारे सदन मे आते थे।

बहरहाल, मुंबई में उनका स्लिप डिस्क का आपरेशन किया गया है। उनके करीबी लोगों का कहना है कि आपरेशन सफल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रमन सिंह के स्वास्थ्य के बारे में ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य के बारे में पता चला। वे अब ठीक हैं, स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं और मैं उन्हें जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं। इसके बाद स्पीकर रमन सिंह ने भी 'X' पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और बताया कि मैं एकदम ठीक हूं, जल्द ही छत्तीसगढ़ लौटूंगा।


केंद्रीय मंत्री के बाद 15 साल मुख्यमंत्री

डॉ0 रमन सिंह बीजेपी के ऐसे नेता हैं, जिन्हें लगातार 15 साल मुख्यमंत्री रहने का मौका मिला। दिसंबर 2003 में वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बने थे और दिसंबर 2018 तक इस पद पर रहे। उससे पहले वे राजनांदगांव संसदीय सीट से सांसद बनने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री बने। उनके पास वाणिज्य विभाग था। 2003 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें छत्तीसगढ़ बीजेपी का अध्यक्ष बनाकर भेजा गया। उनके नेतृत्व में बीजेपी जीती और रमन सिंह को मुख्यमंत्री बनाया गया। उसके बाद वे लगातार 15 साल छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी कुर्सी पर रहे। 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सरकार बनने के बाद उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है। मूलतः कवर्धा के रहने वाले रमन सिंह राजनांदगांव विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते हैं। बीजेपी में 15 साल से अधिक मुख्यमंत्री रहने का रिकार्ड शिवराज सिंह के पास है। उसके बाद रमन सिंह का नंबर आता है।

Tags:    

Similar News