भीषण हादसा, ट्रेलर और स्कॉर्पियो की जोरदार भिडंत, एक की मौत, दो की हालत गंभीर....

CG Road Accident: छत्तीसगढ़ कोरबा जिले के तरदा के पास भारतमाला मार्ग पर गुरुवार की देर रात स्कार्पियो और ट्रेलर की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो में सवार लोग बुरी तरह फंस गए, जिन्हें गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। घटना उरगा थाना क्षेत्र की है।

Update: 2026-04-03 11:22 GMT

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news

कोरबा।3 अप्रैल 2026| छत्तीसगढ़ कोरबा जिले के तरदा के पास भारतमाला मार्ग पर गुरुवार की देर रात स्कार्पियो और ट्रेलर की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो में सवार लोग बुरी तरह फंस गए, जिन्हें गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। घटना उरगा थाना क्षेत्र की है।


स्कार्पियो में तीन लोग सवार थे, जो रायपुर की एक निजी कंपनी में काम करते हैं, कंपनी के काम के सिलसिले में दो डंपर (वाहन) शिफ्ट करने रायपुर से कोरबा आ रहे थे। इसी दौरान तरदा के पास उनकी गाड़ी सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले के सुनई गांव का मूल निवासी था। वर्तमान में वह रायपुर में रहकर काम कर रहा था

हादसे में 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव रायपुर निवासी और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू सेमरा, धमतरी निवासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले जिला मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू कराया। वाहन में फंसे घायलों को गैस कटर से काटकर बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है, जो देर रात झारखंड से कोरबा के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

तेज रफ्तार बन रही हादसे की वजह

उरगा और दर्रीघाट के बीच भारतामाला मार्ग हाल ही में बनकर तैयार हुआ है। सड़क चौड़ी और सीधी होने के कारण यहां वाहनों की रफ्तार सामान्य से कहीं ज्यादा रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज गति के साथ भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से यह मार्ग हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। बीते कुछ समय में इसी हिस्से में कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। पर्याप्त चेतावनी संकेत, स्पीड कंट्रोल और निगरानी के अभाव में दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है। लोगों ने इस मार्ग पर सख्ती से गति नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

Tags:    

Similar News