खाद्य विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी, आरोपी गिरफ्तार, 15 लाख में हुआ था सौदा, रुपये मांगने पर दे रहा था धौंस...
CG Crime News: मंत्रालय में पहुंच का हवाला देकर खाद्य विभाग में फूड इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर सात लाख रुपये ठग लिया था। 15 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इमेज सोर्स- NPG News
जांजगीर।10 अप्रैल 2026| मंत्रालय में पहुंच का हवाला देकर खाद्य विभाग में फूड इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर सात लाख रुपये ठग लिया था। 15 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पढ़िए क्या है मामला?
प्रार्थी यशवंत सिंह, निवासी गुरु नानक रेसिडेंसी चांपा ने 08 अप्रैल को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया है, उनके पिता के मित्र टेकचंद राजपूत सेवानिवृत्त PWD कर्मचारी के माध्यम से उनकी मुलाकात आरोपी भीम कुमार पटेल (32 वर्ष), निवासी ग्राम जर्वे थाना नगरदा जिला सक्ती से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को रायपुर मंत्रालय में ऊंची पहुंच का झांसा देते हुए हुए खाद्य विभाग में नौकरी दिलाने की बात कही। नौकरी लगाने के एवज में आरोपी ने 15 लाख रुपये की मांग की, जिसमें से 7 लाख रुपये बतौर एडवांस 15 जुलाई 2024 को यूनियन बैंक शाखा चांपा से आरटीजीएस के माध्यम से अपने खाते में जमा करवा लिया। शेष 8 लाख रुपये ज्वाइनिंग के बाद देना तय हुआ था।
आरोपी ने तीन महीने के भीतर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। समय बीतने के बाद वह टालमटोल करने लगा। प्रार्थी द्वारा लगातार संपर्क करने और पैसे वापस मांगने पर आरोपित बहाने बनाता रहा। बाद में 28 नवंबर 2025 को आरोपी ने फोन पे के माध्यम से एक लाख रुपये वापस कर दिया और बाकी रकम बाद में देने की बात कही।
इसके बाद आरोीत ने शेष रकम लौटाने से इंकार कर दिया और धमकी देते हुए कहा, उसकी ऊपर तक पहुंच है और वह मामले को संभाल लेगा। पुलिस आरोपी भीम कुमार पटेल (32 वर्ष), निवासी ग्राम जर्वे थाना नगरदा जिला सक्ती, के विरुद्ध धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी को ग्राम जर्वे थाना नगरदा से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने खाद्य निरीक्षक के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।