CG News: मजिस्ट्रेट को धमकी, 3 करोड़ की मांगी फिरौती, बोला-रुपये नहीं दिए गए तो उन्हें कोई नहीं बचा पाएगा, ऐसे आदमी को मारना ही उनका मकसद
छत्तीसगढ़ में मजिस्ट्रेट को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोपी ने पत्र लिखकर मजिस्ट्रेट से 3 करोड़ की मांग की है... मजिस्ट्रेट की शिकायत पर मामले में जांच शुरू कर दी गई है...
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद मजिस्ट्रेट को लेटर भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। लेटर भेजने वाले ने खुद को नक्सली बताया और फिरौती के रूप में 3 करोड़ की मांग की है। आरोपी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट पर पद का दुर्पयोग करने का आरोप भी लगाया है। मजिस्ट्रेट ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, गुंडरदेही न्यायालय में पदस्थ प्रथम न्यायिक मजिस्ट्र्ट प्रशांत कुमार देवांगन ने गुंडरदेही थाना में जान से मारने की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बीते 27 मार्च की दोपहर 3ः25 बजे उनके दफ्तर में उन्हें एक लिफाफा मिला। लिफाफा खोलने पर भेजने वाले ने खुद को नक्सली संगठन का बताया और बस्तर, कांकेर, ओडिशा व झारखंड में सक्रिय होने की बात कही है।
आरोपी ने पत्र में लिखा कि मजिस्ट्रेट रिश्वत लेकर आम लोगों को परेशान करते हैं। हाईकोर्ट के आदेशों का पालन नहीं करते और अपने पद का गलत इस्तेमाल करते हैं। आरोपी ने धमकी देते हुए मजिस्ट्रेट से तीन करोड़ की फिरौती मांगी है। रूपए नहीं मिलने पर जान से खत्म करने की धमकी दी है। साथ ही लिखा कि ऐसे आदमी को मारकर देश को बचाना ही उनका मकसद है।
मजिस्ट्रेट की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 308 और 351 3, के तहत अपराध दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस ने दावा किया है कि धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस जल्द ही पकड़ लिया जायेगा।
वहीं, जिले की एएसपी मोनिका ठाकुर ने घटना को लेकर मीडिया से कहा कि थाने में शिकायत दर्ज की गई है। मजिस्ट्रेट को एक पत्र मिला है, जिसमें धमकी दी गई है। पत्र किसने लिखा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल मामले में जांच जारी है।